कुछ दिन पूर्व थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में घायल हुए युवकों के परिजन को पुलिस ने शुक्रवार को रुपये और मोबाइल लौटाए। पुलिस की कार्यशैली की परिजन व स्थानीय लोगों ने प्रशंसा की।
थाना क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर गंगा जमुनी के पास लहसुन खरीदने जा रहे बाइक सवार युवकों को किसी वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में राहुल निवासी नगला सामंत थाना सहावर जनपद एटा और रामरतन निवासी नगला अर्जुन जनपद फर्रुखाबाद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मौके पर पहुंचे जमलापुर चौकी प्रभारी सत्येंद्र सिंह, आरक्षी शुभम यादव, रत्नेश कुमार, शाहरुख देशवाल, उदय कुमार ने गंभीर घायलों को एंबुलेंस से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। उनके पास मिली 95600 रुपये की नकदी व मोबाइल कब्जे में ले लिए थे। घायलों का इलाज वर्तमान में आगरा के एक अस्पताल में चल रहा है। पुलिसकर्मियों ने ईमानदारी का परिचय देते हुए शुक्रवार को थाने पहुंचे घायलों के परिजन महेश चंद्र और दीपेश को घायलों के पास से मिली नकदी व मोबाइल लौटा दिए। स्थानीय पुलिस की कार्यशैली की घायलों के परिजन व स्थानीय लोगों ने सराहना की है।