शराब की तस्करी के लिए तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाने लगे हैं। कभी ऑयल के टैंकर में अवैध शराब पकड़ी जाती है तो कभी ट्रक में। कई बार तो रोडवेज बसों में अवैध शराब पकड़ी गई, लेकिन इस बार मथुरा में शराब तस्करी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है।
थाना छाता पुलिस ने हरियाणा से तस्करी करके लाई गई अवैध शराब पकड़ी है। ये अवैध शराब डाक पार्सल के वाहन से लाई गई। पकड़ी गई शराब की कीमत 60 हजार रुपये बताई जा रही है। पकड़ा गया आरोपी छाता का ही रहने वाला है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
छाता पुलिस को सूचना मिली कि हरियाणा से तस्करी की शराब छाता लाई जा रही है। तस्करी की शराब के लिए डाक पार्सल के वाहन का प्रयोग किया जा रहा है। पुलिस ने दौताना तिराहे से डाक पार्सल को पकड़ लिया। तलाशी में 21 पेटी शराब की निकली।
कोतवाली प्रभारी आरपी भारद्धाज ने बताया कि तस्करी शराब की कीमत 60 हजार है, इसके लिए डाक पार्सल का प्रयोग किया जा रहा था। पकड़ा गया राजेंद्र निवासी चंदौरी (कोतवाली छाता) काहै। वह शराब तस्कर है। इसके सिंडिकेट की जानकारी जुटाई जा रही है।