नवादा गांव पहुंचे संघ पदाधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद के जसराना थाना क्षेत्र के गांव नवादा में धर्म परिवर्तन की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गय। संघ पदाधिकारियों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन इससे पहले ही लोग वहां से जा चुके थे। पुलिस ने ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली। संघ पदाधिकारियों ने पूरे मामले में आक्रोश व्यक्त कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
ये है मामला
बुधवार को धर्म जागरण से जुडे़ विशेष यादव को नवादा में धर्म परिवर्तन कराने की सूचना मिली तो उन्होंने संघ के पदाधिकारियों के साथ पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी। नवादा में धर्म परिवर्तन की जानकारी मिलने पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खंड कार्यवाह अवधेश कुमार अपनी टीम के साथ एवं कोतवाल आजादपाल सिंह, पाढ़म चौकी प्रभारी मौहर सिंह मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंच गए। गांव में पहुंचकर ग्रामीण से पूछताछ की। एक ग्रामीण ने बताया कि उसके बच्चे पाढ़म में ईसाई मिशनरी स्कूल में पढ़ते हैं। बच्चों को हालचाल लेने अध्यापक आए थे। वहीं संघ से जुडे़ लोगों ने कहा नवादा में धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। कोतवाल ने कहा अगर धर्म परिवर्तन जैसी जानकारी प्राप्त होती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कराया कीर्तन, लगवाए चित्र, किया प्रसाद का वितरण
संघ के खंड कार्यवाह अवधेश कुमार ने धर्म परिवर्तन की जानकारी मिलने पर दलित बस्ती में भजन कीर्तन कराने के साथ घरों में देवी एवं देवताओं के चित्र लगवाए। वहीं प्रसाद का भी वितरण किया गया। सभी लोगों से अपने धर्म के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ भी दिलाई गई।
ये बोले कोतवाल
कोतवाल जसराना आजादपाल सिंह ने बताया कि 'ग्रामीण के यहां विद्यालय से अध्यापक आए हुए थे। पुलिस के पहुंचने से पहले अध्यापक जा चुके थे। पूरे मामले की पड़ताल की गई है। धर्म परिवर्तन का कोई मामला संज्ञान में नहीं आया है। ग्रामीण को अध्यापकों को गांव में न बुलाने को भी कहा गया है।'