करहल। गांव अल्लीपुर में वर्तमान व पूर्व प्रधान पक्ष के बीच मारपीट और फायरिंग की घटना के बाद पुलिस की दबिश जारी है। सोमवार को पुलिस ने तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त लाठी डंडे व फावड़ा आदि भी बरामद किया है। थाना क्षेत्र के गांव अल्लीपुर निवासी पूर्व प्रधान बंटू उर्फ अखिलेश रविवार को सहयोगी विनय निवासी अल्लीपुर, सौरभ निवासी नगला अनूप करहल के साथ गांव के बलवीर सिंह के घर में बैठे थे। तभी प्रधानी चुनाव की रंजिश मान रहे वर्तमान प्रधान अवधेश उर्फ कन्हैया के इशारे पर अल्लीपुर के राशन डीलर अंकित, जनवेद, सुखवीर, उम्मेद, बीटू, सुशील सहित 10 अन्य लोगों ने घेर कर हमला कर दिया था। फावड़े व डंडे से प्रधान व साथियों को पीटा था। दो गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी थी। पूर्व प्रधान पक्ष की ओर से केस दर्ज कराया गया। पुलिस ने सोमवार को सुखवीर, अंकित और जनमेद तखरऊ पुल के पास नगला भूरे जाने वाले तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है। दूसरे पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है।