दो ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ धू-धू कर जल गए
- फोटो : अमर उजाला
भीम नगरी सब स्टेशन ट्रांसफार्मर फटने की जांच पूरी नहीं हो पाई, उससे पहले रावतपाड़ा में मंगलवार सुबह एक ही जगह पर रखे दो ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ धू-धू कर जल गए। आग की लपटें इतनी भयंकर थीं कि दूसरी और तीसरी मंजिल पर स्थित दो दुकानें भी चपेट में आ गईं। पास में स्थित पुलिस चौकी भी जल गई। घने बाजार में लगभग दो घंटे तक आग से हड़कंप मचा रहा। दमकलों ने आग पर काबू पाया।
सुबह लगभग सवा छह बजे रावतपाड़ा तिराहा स्थित टोरंट पॉवर के 630 केवीए के ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग के साथ आग लग गई। आग से इस ट्रांसफार्मर के तेल का टैंक फटा तो इसके नीचे रखे 990 केवीए के ट्रांसफार्मर में भी आग लग गई। दोनों ट्रांसफार्मरों से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। इन लपटों ने ट्रांसफार्मर के पास ही बनी पुलिस चौकी को भी अपनी चपेट में ले लिया। चौकी के साथ इसके अंदर रखे कागज और फर्नीचर भी जल गया। पास में मौजूद दूसरी मंजिल पर स्थित आनंद गोयल और तीसरी मंजिल पर स्थित सुरेश चंद बंसल की जरी (विवाह समारोह में सजावट का सामान) की दुकान भी लपटों के बीच घिर गई।
दोनों दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया। दुकानदारों का कहना है कि उनका छह लाख रुपये से अधिक का सामान जल गया। वहीं, आनंद गोयल ने बताया कि दुकान में 50 हजार रुपये कैश रखे थे, वह भी जल गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची तीन दमकलों की मदद से आग को बुझाया जा सका। इसमें भी दो घंटे से अधिक का समय लग गया। हालांकि इससे पहले स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली।
टोरंट पॉवर के जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर पूरी तरह से दुरुस्त थे। किसी बंदर और चिड़िया के लटकने से तारों में स्पार्किंग हुई। इसकी चिंगारी से पहले 630 केवीए के ट्रांसफार्मर में आग लगी, इससे 990 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। हादसे की विस्तृत जांच कराई जा रही है।
दूसरे दुकानदारों ने समेटा सामान
जिस वक्त आग लगी, बाजार पूरी तरह से बंद था लेकिन सूचना मिलते ही रावतपाड़ा के सभी दुकानदार मौके पर पहुंच गए। जिनकी दुकानें आग की जद से दूर थीं वह बचाव कार्य में जुट गए और जिनकी दुकानें ट्रांसफार्मर के आसपास थीं, वह अपना सामान बचाने में लग गए। कुछ दुकानदारों ने तो आग की दहशत की वजह से अपनी दुकानें ही खाली कर दीं।