मैनपुरी जिले के थाना बेवर क्षेत्र में कुसमरा जाने वाले मार्ग पर पिकेट पर तैनात होमगार्ड को तेज रफ्तार बोलेरो ने रौंद दिया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पीछा कर टक्कर मार कर भाग रहे बोलेरो चालक को पकड़ लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गांव नगला रमई निवासी होमगार्ड ब्रजेश कुमार (47) बुधवार की रात कुसमरा जाने वाले मार्ग पर टावर के पास पिकेट पर तैनात था। बुधवार रात करीब 1:30 बजे जब वह ड्यूटी करते हुए वाहनों की चेकिंग कर रहा था, तभी मार्ग से तेज रफ्तार बोलेरो उसे रौंदती हुई निकल गई।
पिकेट पर हुए हादसे के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मी आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद रोते बिलखते परिजन भी आ गए।
कुसमरा रोड पर पिकेट पर तैनात होमगार्ड को जिस समय बोलेरो ने टक्कर मारी, उस समय पर वो ट्रक चालक को रास्ता बता रहा था। तभी सामने की ओर से बोलेरो ने होमगार्ड को रौंद दिया।
वहीं पुलिस ने पीछा कर टक्कर मार कर भाग रहे बोलेरो चालक को पकड़ लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है।