फिरोजाबाद में टूंडला विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को पुलिस गांव-गांव जाकर गड़बड़ी फैलाने वालों को चिह्नित कर रही है। विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाले थानों के साथ ही सटे थानों में इनकी सूची बनाने का काम शुरू कर दिया है। क्षेत्राधिकारी (सीओ), थाना प्रभारी पुलिस और पीएसी के साथ गांव-गांव भ्रमण कर रहे हैं।
टूंडला विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाले थाना टूंडला, नगला सिंघी, पचोखरा, नारखी थाना क्षेत्र के सभी गांवों में पुलिस की टीमों ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। बीट के सिपाही जाकर गांव में आपराधिक प्रवृत्ति एवं चुनाव को प्रभावित करने वालों को चिह्नित कर रहे हैं। साथ ही पिछले विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव के दौरान टूंडला विधानसभा क्षेत्र में झगड़े वाले गांवों का भी चिह्नित किया जा रहा है।
ऐसे गांवों में सीओ टूंडला देवेंद्र सिंह, एसडीएम टूंडला राजेश कुमार वर्मा, एसडीएम सदर कुमार चंद्र ज्वालिया थाना पुलिस और पीएसी की टीम को साथ लेकर गांव-गांव दस्तक दे रहे हैं। गांवों में भ्रमण के दौरान अधिकारी मतदान केंद्र की ओर जाने वाले रास्ते के साथ गांव को दस से 15 संभ्रांत नागरिकों की सूची बनाकर उनके मोबाइल नंबर एकत्रित कर रहे है।
एसपी सिटी मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि टूंडला विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस होमवर्क कर रही है। चुनाव को प्रभावित करने वालों के चिह्नित का काम पुलिस कर रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा।