बिना मास्क के पकड़े गए लोगों को गाड़ी में बैठाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
आगरा जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए शनिवार को पुलिस ने मास्क नहीं पहनकर घर से निकलने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 181 लोगों को बिना मास्क के पकड़ा। इन्हें पुलिस बंदियों को ले जाने वाहनों से थाने पर लाई। इस दौरान मास्क भी पहनाए। उनके हाथों को सैनिटाइज कराया। हालांकि बाद में लोगों के परिजनों को बुलाकर चालान काटकर 500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा भी जिले में अभियान चलाया गया।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर महेश कुमार ने बताया कि शाम को तकरीबन छह बजे से सात बजे तक मधु नगर चौराहे पर अभियान चलाया गया। यहां पर ठेल वाले, आटो चालक, दुकानदार बिना मास्क के मिले। उन्हें पकड़ लिया। लोगों की संख्या अधिक थी, इसलिए पुलिस लाइन से बंदियों को ले जाने वाले दो वाहन मंगवाए गए। इसके बाद दो बार में 70 लोगों को पकड़ लिया गया। उन्हें थाने लाने से पहले मास्क दिए गए, हाथों को सैनिटाइज किया गया।
थाने लाकर सभी के चालान काटे गए। पकड़े गए लोगों के घरवालों को बुलाकर समझाया गया कि घर से बाहर निकलें तो मास्क जरूर लगाएं। दूरी का पालन करना चाहिए। इसी तरह थाना हरीपर्वत के संजय प्लेस में अभियान चलाया गया। 36 लोगों को पकड़कर थाने लाए। इसके बाद चालान काटे गए। सीओ कोतवाली दीक्षा सिंह ने क्षेत्र में अभियान चलाया। 35 के चालान काटे। वहीं लोहामंडी में 40 लोगों के चालान काटे गए।