मैनपुरी। करहल क्षेत्र में सराफ को बंधक बनाकर मारपीट करके लूट करने के मामले में करहल के पूर्व इंस्पेक्टर एसआर गौतम सहित आठ लोगों को स्पेशल जज डकैती रामकिशोर पांडेय ने कोर्ट में तलब किया है। मामले की सुनवाई के लिए 15 दिसंबर की तारीख तय कर दी है। इंस्पेक्टर की तैनाती वर्तमान में मथुरा के हाईवे थाने में है।
करहल के सराफा बाजार निवासी अनिल कुमार वर्मा ने स्पेशल डकैती कोर्ट में शिकायत की। शिकायत में कहा कि उसके पिता पन्नालाल उसके खिलाफ आए दिन झूठी शिकायतेें करते थे। उसने अपने पिता के खिलाफ थाना करहल में 19 जुलाई 2017 को शिकायत की। शाम 6.15 बजे तत्कालीन करहल इंस्पेक्टर एसआर गौतम, सिपाही ब्रजेश यादव, अनिल यादव, पुष्पेंद्र यादव, प्रदीप कुमार, होमगार्ड सुखवीर के साथ उसके पिता पन्नालाल, भाई सतेंद्र उर्फ टीटू उसकी दुकान पर आए। उसके साथ मारपीट की। दुकान से खींचकर जामा तलाशी के नाम पर उसकी जेब में रखे 20 हजार रुपये, पहने हुए जेवर, मोबाइल, घड़ी छीन ली। थाने लाकर मारपीट करने के बाद उसको रात को थाने में बंद रखा। बाद में रात 2:30 बजे उसको केवल घड़ी देकर छोड़ दिया। मारपीट से आई चोटों का उसने करहल अस्पताल में मेडिकल भी कराया।
मामले की सुनवाई करने के बाद स्पेशल जज डकैती राम किशोर पांडेय ने सराफ अनिल कुमार को बंधक बनाकर मारपीट करने के आरोप में तत्कालीन इंस्पेक्टर एसआर गौतम, सिपाही ब्रजेश यादव, अनिल यादव, पुष्पेंद्र यादव, प्रदीप कुमार, होमगार्ड सुखवीर को तलब किया है। लूटपाट करने के आरोप में पन्नालाल और सतेंद्र उर्फ टीटू को तलब किया है। मामले की सुनवाई के लिए 15 दिसंबर की तारीख तय कर दी गई है।