आगरा के थाना मलपुरा में तैनात दरोगा रूप सिंह (54) का शव बुधवार सुबह बंद कमरे में चारपाई पर मिला। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दरोगा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है। दरोगा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मूलरूप से अलीगढ़ के थाना पिसावां के गांव नीरपुर के रहने वाले दरोगा रूप सिंह पुत्र ब्रजन सिंह थाना मलपुरा थाने में तैनात थे। वह मलपुरा कस्बे में ही विमल के घर में किराये पर कमरा लेकर रह रहे थे।
मंगलवार रात को वो वारंटी के यहां दबिश देने के लिए मथुरा गए थे। देर रात मथुरा से आकर अपने कमरे में सो गए थे। बुधवार सुबह रूप सिंह कमरे से काफी देर तक बाहर नहीं निकले, तो मकान मालिक ने दरवाजा खटखटाया।
अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इस पर मकान मालिक को शक हुआ तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची थाना मलपुरा पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोला तो दरोगा चारपाई पर मृत पड़े थे।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने रूप सिंह के परिजनों को सूचना दी। दरोगा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। पत्नी राजकुमारी, बेटी रूबी, लक्ष्मी, बेटा मयंक की रो-रोकर हालत खराब है।