बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा जिले में छह दिसंबर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, लेकिन वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में इसका असर नहीं दिखाई दे रहा है। मंदिर की सुरक्षा में पुलिस दिखाई नहीं दी। निजी सुरक्षा गार्ड भी तैनात दिखाई दिए।
बाबरी विध्वंस की बरसी के मद्देनजर प्रदेशभर में अलर्ट है। मथुरा समेत प्रमुख शहरों में विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बुधवार शाम को एसएसपी बबलू कुमार पुलिस बल के साथ शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसे लेकर सख्त निर्देश भी दिए।
इसके बावजूद वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर की सुरक्षा में लापरवाही बरती जा रही है। गुरुवार सुबह को मंदिर की सुरक्षा में कोई पुलिसकर्मी तैनात दिखाई नहीं दिया है। मंदिर के निजी सुरक्षा गार्ड ही गेट पर खड़े नजर आए।
उधर, श्रीकृष्ण जन्मभूमि और आसपास के इलाके में चौकसी बढ़ाई दी गई है। पुलिस अधिकारियों के साथ ही प्रशासनिक अफसर भी नजर बनाए हुए हैं। महानगर में मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस बल को तैनात किया गया है।
छह दिसंबर को विहिप और संघ ने जिले के 250 स्थानों पर आरती करने का एलान किया है। मंदिरों के साथ ही प्रमुख चौराहों को इसमें शामिल किया गया है। हालांकि छह दिसंबर को किसी भी तरह के रैली, जुलूस, धरना प्रदर्शन पर पाबंदी है।