शहर में वाहन चोरी की वारदातें थम नहीं रही हैं। ऐसा कोई थाना नहीं है, जहां बाइक और कार चोरी की वारदातें नहीं होती हों। पहले तो मुकदमा दर्ज करने में देरी होती है। मुकदमा दर्ज हो भी जाए तो चोर को पकड़ने में पुलिस कोई दिलचस्पी नहीं दिखाती है। एक पीड़ित ने चोरी किए गए स्कूटर को ढूंढने का खुद ही प्रयास किया। उसने न सिर्फ स्कूटर को ढूंढ निकाला, बल्कि चोर भी धरदबोचा। उसे पुलिस के हवाले कर दिया है।
प्रकाश नगर, शाहगंज निवासी राजेश का घर के पास ही किताबों की बाइंडिंग का काम है। 28 मार्च की रात तकरीबन दो बजे उनका एलएमएल स्कूटर चोरी हो गया। राजेश ने बताया कि स्कूटर की तलाश आसपास के क्षेत्र में की, लेकिन नहीं मिला। इस पर 30 मार्च को थाना शाहगंज में मुकदमा दर्ज करा दिया। राजेश और उसके भाई स्कूटर की तलाश कर रहे थे। गुरुवार सुबह उसका भाई राकेश तमोली पाड़ा के निकट रेलवे लाइन पर पहुंचा था। यहां पर उनका स्कूटर लावारिस खड़ा हुआ था। इस पर उन्होंने चोर के आने का इंतजार किया। अपने परिवार के अन्य लोगों को भी बुलवा लिया। तकरीबन एक घंटे बाद चोर स्कूटर को ले जाने लगा। तभी लोगों ने उसे धर दबोचा और पिटाई लगाने के बाद पुलिस हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।