शिकोहाबाद की पंजाबी कॉलोनी में एक युवती की गैराज में ई-रिक्शा खड़ा करने आये युवक ने सिर में लोहे की रॉड मारकर हत्या कर दी। इस मामले में आरोपी फरार है। युवती से उसका विवाद किस बात को लेकर हुआ था इस बात की जानकारी अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपी की तलाश के लिए दबिशें दे रही है।
ये है मामला
पंजाबी कॉलोनी निवासी रामशंकर गुप्ता किराए पर ई रिक्शा चलवाते हैं। रात को ई रिक्शा मकान के अंदर बनी गैराज में ही खड़े होते हैं। सोमवार देर रात ज्ञान भारती स्कूल वाली गली निवासी रिंकू दिवाकर ई-रिक्शा खड़ा करने गैराज गया था। इस बीच रामशंकर की बेटी हिना (30) से उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। रिंकू ने हिना के सिर में वजनदार लोहे की रॉड मारकर हत्या कर दी। मौका पाकर रिंकू वहां से भाग गया। पुलिस के साथ आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। शव पोस्टमार्टम को भेजने के साथ ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार देर शाम तक पुलिस आरोपी की तलाश नहीं कर सकी। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने रिंकू दिवाकर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। एसपी ग्रामीण रणविजय सिंह ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कर दीं गई हैं।
ये भी पढ़ें - Agra: सुखोई और हरक्यूलिस ने हवा में दिखाए करतब, रक्षा मंत्री बोले- आपदा से बचाव में मुख्य भूमिका निभाएगा भारत
रंगबाज है हत्यारोपी रिंकू दिवाकर
हिना की हत्या के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि आरोपी रिंकू दिवाकर रंगबाज है। रिंकू खुद का ई-रिक्शा चलाता है, लेकिन चार्ज करने को हिना के घर पर ई रिक्शा खड़ा करता था। ई-रिक्शा चार्ज करने को वह सोमवार रात हिना के यहां आया था, तभी उसका किसी बात को लेकर हिना से विवाद हुआ था। विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसकी जानकारी न तो शिकोहाबाद पुलिस दे सकी और न ही मृतका के परिजन। प्रभारी निरीक्षक शिकोहाबाद हरर्वेद्र मिश्रा का कहना है कि जांच में पता चला है कि रिंकू दिवाकर शराब का लती है। हो सकता है कि वह शराब के नशे में आया हो और किसी बात को लेकर हिना से उसका विवाद होने पर उसने पेचकस या भारी रॉड मारकर हत्या कर दी हो। घटना के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है।
इन दो बिंदुओं पर जांच कर रही पुलिस
हिना की हत्या के खुलासे के लिए पुलिस दो बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस का यह भी मानना है कि ई रिक्शा को चार्जिंग में लगाते समय हिना को करंट लगा हो। इससे उसके सिर में गिरने से चोट लगी हो। जो उसकी मौत का कारण बन गया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का फिलहाल इंतजार कर रही है।