पकड़े गए पशु के बारे में जानकारी देते पुलिस अधीक्षक घुले सुशील
- फोटो : अमर उजाला
सोरों कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अंतर्जनपदीय पशु तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसके तीन साथी भागने में सफल हो गए। पुलिस ने तस्करों के दो लोडर वाहन बरामद किए हैं। पकड़े गए पशु तस्कर से तमंचा, कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने बताया कि गोरहा नहर पर सहावर बॉर्डर की चेकिंग के दौरान दो गाड़ियां गोरहा की ओर से आ रहीं थीं। गाड़ियों को रोकने के लिए इशारा करने पर उसमें सवार आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी कर पशु तस्कर राजू निवासी नदरई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने एक तमंचा और कारतूस बरामद किए। इस दौरान तीन पशु तस्कर दो गाड़ियों को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को थाने ले आई।
एसपी ने बताया कि इनमें से एक गाड़ी राजू और दूसरी शौकीन निवासी रीचपुर थाना कुरावली मैनपुरी की है। अब पुलिस फरार पशु तस्करों की तलाश में जुट गई है।