आगरा के सदर थाने की पुलिस ने मुठभेड़ में ऑटो गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल है। आरोपियों से एक तमंचा, एक ऑटो, लूटा हुआ मोबाइल और नकदी बरामद की गई। सुनसान जगह ले जाकर सवारी को लूटा था।
एसीपी सदर हेमंत कुमार ने बताया कि शमसाबाद निवासी राहुल ने तहरीर दी कि बुधवार को वह दिल्ली से आए थे। बस ने रात दो बजे आगरा फोर्ट पर उतार दिया। बिजलीघर पर खाना खाने के बाद उन्होंने घर जाने के लिए ऑटो बुक किया। अंदर पहले से ही 4 युवक बैठे थे। वह भी बैठ गए।
आरोप है कि चालक ने राजपुर चुंगी पहुंचते ही गौरव स्वीट्स के सामने से ऑटो को उखर्रा रोड पर मोड़ दिया। उन्होंने चालक से उधर जाने का कारण पूछा तो उसने कहा कि परिचित के घर से बैग लेना है। सुनसान जगह पर ऑटो रोक दिया। विरोध पर मारपीट कर मोबाइल और 1200 रुपये लूट लिए।
पुलिस ने चेकिंग के दौरान ऑटो को रोकने की कोशिश की तो आरोपी भागने लगे। पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी फायरिंग की। नैनाना ब्राह्मण के पास मुठभेड़ में ताजगंज थाना क्षेत्र के कहरई मोड़ निवासी सौरभ, लाेकेश और सदर के जगजीत नगर निवासी करन को गिरफ्तार कर लिया गया।
सौरभ गोली लगने से घायल हो गया। उसे भर्ती कराया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि वह तीनों दोस्त हैं। करन ऑटो चलाता है। सौरभ ने अकेली सवारी देखकर लूट करने की योजना बनाई थी।