आगरा में संगीत में प्रतिभा रखने वाला जीआरपी का सिपाही साइबर अपराधियों की ठगी का शिकार हो गया। आरोपी ने उनसे फर्जी म्यूजिक डायरेक्टर बनकर दोस्ती की। जाने-माने संगीतकारों के साथ फोटो शेयर कर झांसे में लिया। म्यूजिक कंपनी में सिक्योरिटी के नाम पर 5.32 लाख रुपये हड़प लिए। सिपाही ने जानकारी की तो कई और लोगों के साथ ठगी का पता चला। मामले में साइबर थाना में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जीआरपी के सिपाही अरुण कुमार शर्मा ने एसीपी हरीपर्वत से शिकायत की थी। इसमें बताया कि इंस्टाग्राम पर मोहम्मद इरफान अली नाम की आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। पोस्ट करने वाले ने खुद को म्यूजिक डायरेक्टर बताया। उनके गायन की तारीफ करते हुए काम का लालच दिया। खुद ने भी कई बड़े संगीतकारों के साथ फोटो भेजे। सिपाही को बड़ा गायक बनाने का सपना दिखा दिया।
कुछ दिन बातचीत के बाद गीत रिकाॅर्ड कराने के लिए बिलीव म्यूजिक इंडिया कंपनी में सिक्योरिटी मनी जमा करने की बात कही। रुपये तीन माह बाद वापसी का आश्वासन भी दिया। अरुण ने लोन लेकर 7 अक्तूबर 2024 से 13 जनवरी 2025 तक यूपीआई के माध्यम से 5.32 लाख रुपये भेज दिए। इसके बावजूद गाना रिकाॅर्ड नहीं कराया। फोन पर बात करने पर आरोपी बहाना बनाता रहा। बाद में काम न दिलवाने की बात कही। इस पर उन्होंने रुपयों का तकादा किया। इस पर आरोपी ने उन्हें इंस्टाग्राम पर ब्लाॅक कर दिया।
गैंगस्टरों से संबंध का दिखाया डर, नाैकरी से निकलवाने की धमकी
ठगी करने वाला सिपाही को धमका भी रहा था। बार-बार फोन करके रुपये मांगने पर अपने संबंध गैंगस्टरों से बताने लगा। कहा कि वह नाैकरी से निकलवा देगा। नादिर खान नामक व्यक्ति से काॅल करवाकर धमकाया। बाद में सिपाही को पता चला कि उनके जैसे कई लोगों को जाल में फंसा कर ठगी की गई है।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि साइबर अपराध के मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अपराधी लालच में फंसाते हैं। इसके बाद ठगी करते हैं। इसलिए अंजान नंबर से आने वाले काॅल पर बात नहीं करें। कोई बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी या फिर किसी कंपनी का प्रतिनिधि बनकर किसी तरह से धमकाता है, लालच देता है तो समझ जाएं, ठगी की जाने वाली है।