Police Commissioner Deepak Kumar inaugurating the Ayela Police Outpost by cutting the ribbon.
सैंया। खेरागढ़-सैंया मार्ग पर स्थित अंतिम छोर के गांव अयेला में नवनिर्मित पुलिस चौकी का पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बृहस्पतिवार को फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। थाने से दूरी के कारण स्थानीय ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए इस चौकी का निर्माण कराया गया है। इस चौकी के खुलने से करेला, जोधापुरा, रावतपुरा, भैंसोंन सहित दर्जनों गांवों की करीब 45 हजार की आबादी लाभान्वित होगी। समारोह के दौरान चौकी के लिए जमीन देने वाले विजयपाल सिंह सिकरवार व प्रधानाचार्य मुरारी लाल सिकरवार को सम्मानित किया गया। साथ ही हाईस्कूल की मेधावी छात्राओं को शील्ड प्रदान की गई। बता दें कि डीसीपी पश्चिम आदित्य कुमार के निर्देशन, एसीपी सैंया डॉ. सुकन्या शर्मा और एसओ गुरविंद्र सिंह के नेतृत्व में चौकी का निर्माण कार्य पूर्ण हुआ।