बहरावती खास में लगी आग से जाली झोपड़ी एवं घरेलू सामान झुलसा पप्पू खान
अछनेरा। थाना क्षेत्र के गांव बहरावती खास में बृहस्पतिवार दोपहर आग ने ऐसा विकराल रूप धारण किया कि देखते ही देखते एक गरीब परिवार की मेहनत की कमाई राख में तब्दील हो गई। इस भीषण अग्निकांड में जहां तीन बकरियां जिंदा जल गईं, वहीं आग बुझाने की कोशिश में परिवार के चार लोग भी गंभीर रूप से झुलस गए।
दोपहर करीब 1 बजे ग्रामीण साबूदीन खान की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग ने तुरंत पास में रखे करीब सवा सौ मन भूसे और 5 कुंतल गेहूं को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, झोपड़ी के पास बंधी तीन बकरियां आग की लपटों में घिर गईं और उनकी मौके पर ही तड़पकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बकरियां बुरी तरह झुलस गई हैं। अपने आशियाने और मवेशियों को बचाने की जद्दोजहद में साबूदीन के परिवार के सेजाद खान, पप्पू खान सहित कुल चार लोग आग की चपेट में आकर झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। इस संबंध में तहसीलदार किरावली, दीपांकर सिंह ने बताया मामला संज्ञान में आते ही संबंधित लेखपाल को मौके पर भेज दिया गया है। क्षति का आकलन कर पीड़ित परिवार को नियमानुसार हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।