आगरा। शाहगंज क्षेत्र में ट्रांसपोर्टर असगर अली को टक्कर मारने वाली कार के स्वामी के पुलिस करीब पहुंच गई है। कुछ संदिग्ध वाहनों को पुलिस ने चिह्नित किया है। घटना के चार दिन बीतने के बाद भी परिजन ने अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं दी है। पुलिस कार्रवाई के लिए तहरीर का इंतजार कर रही है। घटना का सीसीटीवी वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
शाहगंज के मेवाती गली के निवासी ट्रांसपोर्टर असगर अली शुक्रवार रात को ट्रक में माल लोड कर चालक के साथ जयपुर गए थे। फतेहपुर सीकरी टोल के पास जीएसटी के सचल दस्ते की महिला अधिकारी ने ट्रक को पकड़ा था और जयपुर हाउस स्थित कार्यालय भिजवा दिया था। शनिवार सुबह परिजन को उनका शव मल्ल का चबूतरा के पास सड़क किनारे लहूलुहान अवस्था में मिला था। परिजन ने जीएसटी की सहायक आयुक्त, नगर निगम में नौकरी करने वाले उसके पति, ट्रक पकड़ने वाली महिला अधिकारी समेत अन्य पर हत्या के आरोप लगाए थे। पुलिस ने सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग देखी थी तो जालौन नंबर की एक कार ने उनको टक्कर मारी थी। परिजन ने पहले पोस्टमार्टम के बाद तहरीर देने को कहा था। रविवार को थाना पुलिस से मुलाकात कर अगले दिन तहरीर देने को कहा था। मंगलवार तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई। वहीं, थाना प्रभारी शाहगंज ने बताया कि पुलिस ने कुछ संदिग्ध वाहनों को चिह्नित किया है। कार्रवाई जारी है, परिजन के तहरीर देने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।