आगरा में अगर आप बाइक पर बगैर हेलमेट पहने चलते हैं या बगैर सीट बेल्ट लगाए गाड़ी ड्राइव करते हैं तो अपनी ये बुरी आदत आज से ही छोड़ दीजिए।
अभी तक तो पुलिस चालान काटने में नरमी बरत रही थी लेकिन एक जुलाई से सख्ती करने जा रही है। इससे बचने में सिफारिश या पहुंच भी नहीं चलेगी क्योंकि चालान कैमरे से काटे जाएंगे।
आपको पता भी नहीं चलेगा और आपके घर चालान पहुंच जाएगा। वह भी फोटो सहित। जनवरी से जून तक पुलिस ने सिर्फ 50 हजार चालान काटे हैं। इनमें 16 हजार फोटो चालान हैं।
अभी सिर्फ हरीपर्वत चौराहा पर ही फोटो चालान काटे जा रहे हैं। इनका दायरा अब बढ़ाया जा रहा है। कारण यह है कि पुलिस को फोटो चालान के लिए कैमरे और कंप्यूटर पर्याप्त संख्या में मिल चुके हैं।
यूपी पुलिस ने ताेड़ा नियम
- फोटो : अमर उजाला
एसपी ट्रैफिक ने अपने स्टाफ की मीटिंग लेकर इस बारे में दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। एसएसपी अमित पाठक ने सभी एएसपी और सीओ को जिम्मेदारी सौंप दी है। अभियान की पूरी रूपरेखा भी तैयार हो चुकी है।
इस अभियान में पुलिस ने यमुना एक्सप्रेसवे पर काटे गए ओवरस्पीड के चालान कोे भी शामिल कर लिया है। इन्हें भी वाहन स्वामियों के घर तक पहुंचाया जाएगा।
ऐसे लोगों को भी पुलिस चिन्हित कर रही है जो एक से ज्यादा बार यातायात के नियम तोड़ चुके हैं। इन पर ज्यादा जुर्माना लगेगा। अगर ये बाज नहीं आते हैं तो इनके ड्राइविंग लाइसेंस भी निरस्त कराए जाएंगे।
तो जेल भी जाना पड़ सकता है
अगर कोई फोटो चालान रिसीव नही करता है या जुर्माना नहीं भरता है तो उसके चालान को कोर्ट में भेज दिया जाएगा। अगर वह कोर्ट में भी हाजिर नहीं होता तो उसके खिलाफ सम्मन जारी हो सकते हैं।
अगर इस पर भी आंख नहीं खुली तो वारंट जारी हो जाते हैं। ऐसे लापरवाह लोगों को जेल भी जाना पड़ जाता है। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि फोटो चालान की पूरी तैयारी कर ली गई है। इसे सख्ती से लागू कराया जाएगा।