युवती को नोएडा से लेकर आई पुलिस, परिजन को सौंपा
पिता की डांट से नाराज होकर भाई-बहन के साथ चली गई थी
संवाद न्यूज एजेंसी
घिरोर। पुलिस नगला धीप निवासी युवती नीरज को नोएडा से लेकर थाने आई। एक भाई बहन को पुलिस शनिवार को ही परिजन के पास सकुशल भेज चुकी है। पिता की डांट से नाराज होकर तीनों नोएडा चले गए थे। रविवार को बड़ी पुत्री को भी परिजन के सुपुर्द किया गया।
थाना क्षेत्र के गांव नगला धीप निवासी रामानंद की बड़ी बेटी नीरज छोटी बहन प्रेमलता और भाई जुगल किशोर के साथ घर छोड़ कर चली गई थी। इसके बाद पिता ने थाने में तहरीर देकर सकुशल ढूंढ कर लाने की गुहार लगाई थी। पिता ने पुलिस को बताया कि बड़ी बेटी किसी से फोन पर बात कर रही थी। इस बारे में पूछना और तीनों बच्चों को डांट लगा दी। इसी बात पर बच्चे घर छोड़ कर चले गए। शनिवार को पुलिस ने प्रेमलता और जुगल किशोर को सकुशल माता पिता के सुपुर्द कर दिया था। बच्चों ने बताया कि बड़ी बहन नीरज नोएडा में नौकरी कर रही है। इसके बाद एक टीम उसे लेने के लिए रवाना हो गई थी। रविवार को टीम नीरज को लेकर थाने लौटी। वहां पिता रामानंद के अलावा परिवार के शिशुपाल सिंह, आरती देवी को सुपुदर्गी दी गई। प्रभारी निरीक्षक भोलू सिंह भाटी ने बताया की तीनों बच्चे सकुशल परिजन को सौंप दिए गए हैं।