कासगंज। घटना के 7 दिन बीत जाने के बाद पुलिस अभी तक हिस्ट्री शीटर शराब माफिया मोती सिंह का कोई सुराग नहीं लगा सकी है। उसके दो अन्य भाई भी फरार चल रहे हैं। इन तीनों ही फरार आरोपियों पर अलग-अलग इनाम घोषित किया जा चुका है। लगातार कांबिंग, सुरागकशी, संदिग्धों से पूछताछ के बाद भी कोई सुराग न मिलने से पुलिस पस्त है। अब पुलिस को ऐसी आशंका है कि शातिर अपने भाइयों के साथ कहीं दूर तो नहीं निकल गया।
मोती सिंह पर एक लाख रुपये का इनाम है। जबकि उसके भाई मानपाल और मोहर सिंह पर भी 25-25 हजार रुपये का इनाम है। पुलिस की 8 टीमें इन तीनों की गिरफ्तारी में लगी हैं। दिन रात कालीनदी और गंगा की खादर में भी तलाश की गई, लेकिन नतीजा सिफर रहा है।
कालीनदी का दूसरा किनारा एटा जनपद की सीमा में है। ऐसे में एटा जिले के खादर के इलाके में कांबिंग पुलिस ने की है। बदायूं और फर्रुखाबाद की खादर में भी मोती की तलाश में पुलिस जुटी रही। अब पुलिस कोई सुराग हाथ न लगने से चिंतित है। पुलिस को अंदेशा है कि मोती कहीं बहुत दूर तो नहीं निकल गया। एडीजी, आईजी, एसपी सहित सभी अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। सोमवार को भी सिंकदरपुर थाना क्षेत्र की खादर में सघन कांबिंग की गई।
- पुलिस लगातार फरार आरोपी मोती व उसके दो भाइयों की गिरफ्तारी के प्रयासों में जुटी है। अभी तक पुलिस टीम को सफलता नहीं मिली है। पुलिस की कोशिश जारी है और सफलता भी मिलेगी। - मनोज सोनकर, एसपी।