एटा। एक बंदी सोमवार को जिला अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराकर लौटते समय पुलिसकर्मी पर हमला कर हथकड़ी सहित फरार हो गया। हमले में घायल पुलिसकर्मी की ओर से कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस की टीमें फरार बंदी की तलाश में जुटी हैं।
पुलिस ने कोतवाली नगर क्षेत्र के अशोक नगर निवासी बबलू पुत्र इंद्रपाल सिंह को थाना जैथरा में दर्ज एक मुकदमे में जारी वारंट के आधार पर रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वारंटी के हाथ में चोट लगी थी, इसलिए जेल प्रशासन ने उसका डॉक्टरी मुआयना सोमवार को कराने की शर्त पर रविवार को ही दाखिल कर लिया था।
सोमवार सुबह कोतवाली नगर के एचसीपी राजीव कुमार और कांस्टेबल विमलेश कुमार बंदी को जेल से जिला अस्पताल ले गए। यहां बंदी के हाथ का एक्सरे कराकर पुलिसकर्मी उसे कारागार ले जा रहे थे। तभी बंदी ने जिला अस्पताल में निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास पड़ी सरिया उठाकर एचसीपी राजीव कुमार को दे मारी।
कांस्टेबल विमलेश घायल साथी को संभालने में लग गया तब तक बबलू हथकड़ी सहित फरार हो गया। हालांकि पुलिस कर्मियों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आ सका। देर शाम तक पुलिस फरार बंदी की तलाश में जुटी रही, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। घायल पुलिस ने उसके खिलाफ कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस कर्मियों पर हमला कर बंदी हथकड़ी सहित फरार हो गया है। उसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। बंदी वारंटी था और रविवार को ही उसे जेल भेजा गया था।
- एके सिंह, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली नगर।