वृंदावन के ओमैक्स सिटी के गोविंदा अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-102 में व्यापारी सतीश चावला की पत्नी सुनीता चावला को बंधक बनाकर हुई लाखों रूपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लूट की वारदात को ग्वालियर के सगे भाइयों ने अंजाम दिया था। इनके कब्जे से लूट के जेवरात और नकदी भी बरामद की गई है। बता दें कि दो जनवरी को घर में घुसकर करीब 50 हजार की नकदी और 10 लाख रुपये के जेवरात की लूट हुई थी।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने खुलासे के लिए पांच टीमों को लगाया था। आखिरकार पुलिस ने लुटेरे सगे भाइयों को झांसी से गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि वृंदावन कोतवाल अनुज कुमार, एसओजी प्रभारी धीरज गौतम, स्वाट टीम प्रभारी एसआर गौतम समेत टीम ने लूट का खुलासा किया है।
पकड़े गए लुटेरे धर्मेंद्र मिश्रा उर्फ डेविड पंडित और लोकेंद्र मिश्रा पुत्र रविकांत मिश्रा निवासी भितरवार, ग्वालियर और हाल निवासी शिवाजी नागत, नवाबाद, झांसी हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए जेवरात और नकदी बरामद कर ली गई है। वारदात से पहले दोनों भाइयों ने दो दिन ओमैक्स सिटी में रेकी की थी। एसएसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया है।