शहर और देहात में लॉकडाउन के बावजूद अवैध तरीके से शराब और बियर की बिक्री की जा रही है। इस पर पुलिस भी रोक नहीं लगा पा रही है। कभी बार खोलकर शराब बेची जा रही है तो कभी तस्कर शराब लेकर जा रहे हैं। पिछले दिनों मामले भी पकड़े जा चुके हैं।
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि हर थाना क्षेत्र में पुलिस की एक-एक टीम गठित की गई हैं। चौकी प्रभारी को जिम्मेदारी दी गई है कि वह चेकिंग करें। कहीं कोई शराब बिक्री की शिकायत मिले तो कार्रवाई करें। अगर, लॉकडाउन में शराब की तस्करी और बिक्री करते हुए कोई मिलता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। ठेका संचालकों की संलिप्तता मिलने पर लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी।
कार में ले जा रहे थे बियर की बोतल, तीन गिरफ्तार
शाहगंज पुलिस ने रविवार को जगनेर रोड पर चेकिंग के दौरान एक कार से बियर की बोतल बरामद की। इस पर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक शाहगंज ने बताया कि सराय ख्वाजा क्षेत्र में दरोगा संजय सिंह गश्त कर रहे थे। तभी सफेद रंग की कार आई। पुलिस ने कार को रोक लिया। कार में तीन लोग सवार थे। पुलिस ने तलाशी ली।
कार से बियर की 90 बोतल बरामद हुईं। पुलिस ने कार सवार तीन लोगों को पकड़ लिया। आरोपियों में आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर एक निवासी नीरज, सौरभ और भूपेंद्र हैं। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सिरसागंज में पकड़ी शराब
फिरोजाबाद के सिरसागंज में रविवार देर शाम क्षेत्राधिकारी डॉ. इरज राजा ने नेशनल हाईवे स्थित ब्रज होटल पर छापा मारकर एक लाख की शराब पकड़ी है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन लोगों को मौके से हिरासत में भी लिया है। लॉकडाउन के चलते जहां सभी आबकारी विभाग के ठेके बंद हैं। वही इस शराब को अवैध तरीके से बेचकर मुनाफा कमाया जा रहा था।
केस : 1
दस अप्रैल को थाना मलपुरा पुलिस ने धौलपुर निवासी श्रीकृष्ण और धनौली निवासी तलवीर को गिरफ्तार किया। आरोपियों से 44 पौवे देशी शराब के बरामद हुए। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई। दोनों शराब अवैध तरीके से बेचने के लिए ले जा रहे थे।
केस : 2
सात अप्रैल को थाना खंदौली पुलिस ने गांव मुड़ी से तानगढ़ी निवासी प्रमोद को गिरफ्तार किया था। उसके पास से 358 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की थी। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई थी।
केस : 3
शाहगंज के पृथ्वीनाथ फाटक में सोनम बार का संचालक पीछे के दरवाजे से शराब की बिक्री करा रहा था। सूचना पर पुलिस ने छापा मारा था। बार संचालक और एक कर्मचारी को पकड़ लिया। इस मामले में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था।