पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि मंछना उपकेंद्र पर कॉपर चोरी की वारदात उन्होंने अपने आठ अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दी थी। एसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम सतेंद्र सिंह निवासी जलालपुर बेवर, गोपाल निवासी देवसनी मेरापुर फर्रुखाबाद, विद्याराम निवासी नगला डांडा जैथरा एटा और सचिन सिंह निवासी सुजातपुर थाना कंपिल फर्रुखाबाद बताए हैं।
एक महीने से कर रहे थे रेकी
बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि वह लोग करीब एक महीने से रेकी कर रहे थे। इसके बाद 21 अगस्त की रात वह लोग सुखवीर सिंह निवासी सुजातपुर की स्कार्पियो, पिकअप और दो बाइकों पर सवार होकर वारदात अंजाम देने आए थे। वह लोग करीब 1200 किलो कॉपर को पिकअप आदि वाहन में लादकर ले गए थे।
सुखवीर के घर पर ही तार को रखा गया था, शनिवार को जब वह लोग ग्वालियर बिक्री करने जा रहे थे। तब टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि अपराध से अर्जित की गई इनकी संपत्ति के बारे में जानकारी की जा रही है। गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
पुलिस नहीं मान रही थी बड़ी चोरी
जिस दिन मंछना उपकेंद्र पर कॉपर वायर चोरी की वारदात हुई थी। उसमें जांच करने पहुंची थाना पुलिस द्वारा वारदात को हल्के में लिया गया। अधिकारियों के कहने के बाद भी इसे मामूली तार चोरी की घटना मान रही थी, लेकिन शनिवार को जब खुलासा हुआ तो सात सौ किलो वायर बरामद हुआ। इसके बाद साफ हो गया कि एलाऊ पुलिस द्वारा मामले में हीलाहवाली की गई। एसपी द्वारा अगर स्वाट टीम को खुलासे में न लगाया गया होता तो शायद वारदात सामान्य चोरी बनाकर फाइलों में दब जाती।
एसपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि विद्युत उपकेंद्र पर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अंतरजनपदीय गैंग के चार बदमाशों को सात सौ किलो कॉपर वायर सहित पकड़ा गया है। आठ अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिली है, शीघ्र ही पुलिस उनको भी गिरफ्तार कर जेल भेजेगी।