वृंदावन पुलिस ने एलआईयू टीम की मदद से साधु वेशधारी बांग्लादेशी नागरिक को इस्कॉन मंदिर के पास से गिरफ्तार किया है। उसके पास से भारतीय पहचान पत्र, दो एटीएम कार्ड व दो सिम के साथ ही बैंकों की दो पासबुक भी बरामद हुईं हैं। बांग्लादेशी वृंदावन के इस्कॉन मंदिर में संकीर्तन मंडली में काम कर रहा था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इस्कॉन मंदिर क्षेत्र में एक साधु वेशधारी व्यक्ति को संदिग्ध पाया। पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके बांग्लादेशी होने की बात सामने आई। जिसके बाद पुलिस उसे कोतवाली ले आई।
यहां उसने अपना नाम फाल्गुन विकास वैद्य पुत्र रंगजीत वैध निवासी ग्राम छलहाठ, पोस्ट पाटली कोटा थाना अनवराह जिला छिटगगांव बांग्लादेश बताया, जबकि वह वृंदावन में पवित्रदास पुत्र प्रफुलदास निवासी इस्कॉन मंदिर उज्जैन के नाम से रह रहा था। वह वर्ष 2010 से वृंदावन में ही रह रहा था।