मैनपुरी। होली पर अराजकतत्वों से निपटने के लिए थानों में पुलिस टीमें मुस्तैद रहेंगी। इसके साथ ही गश्ती टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमण करेंगी। एसपी और एएसपी लगातार स्थिति का जायजा लेते नजर आएंगे। अफसरों ने साफ कर दिया कि होली पर हुड़दंग किया तो अराजकतत्वों को जेल भेजा जाएगा।
होली पर शांति व्यवस्था के लिए अधिकारी लगातार प्रयास में जुटे हुए हैं। एसपी अजय कुमार की ओर से थानाध्यक्षों को बैठक कर निर्देशित किया जा चुका है कि क्षेत्रवार अराजकतत्वों को चिह्नित कर उन पर कार्रवाई करें। होली के दिन ऐसे लोगों पर विशेष निगरानी रखी जाए। यदि कोई माहौल खराब करने की कोशिश करे तो उससे सख्ती से निपटें। इसके लिए सभी थानों में टीमों का गठन किया जा चुका है। जो सूचना पर तत्काल मौके पर रवाना होंगी। इसके साथ ही यूपी 112, कोबरा मोबाइल सहित क्षेत्र की सभी मोबाइल टीमें गश्त पर रहेंगी। एसपी और एएसपी लगातार स्थिति का जायजा लेते नजर आएंगे। वहीं जनता के बीच सुरक्षा की भावना को लेकर लगातार पुलिस पैदल मार्च कर रही है। इस दौरान लोगों से बात कर उनकी समस्याओं व सुझाव जानने का प्रयास हो रहा है।
पूर्व में हुईं घटनाओं पर भी रहेगी नजर
एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि पूर्व में होली के त्योहार पर हुईं घटनाओं के मद्देनजर भी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है। वह मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लें। दोनों पक्ष के लोगों से बात करें और यदि कोई विवाद की स्थिति हो तो नियमानुसार कार्रवाई करें।
- होली के त्योहार पर सुरक्षा को लेकर पुलिस मुस्तैद है। हुड़दंग करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। लोगों को यदि कोई समस्या है तो वह पर्सनल नंबर पर सूचना दे सकते हैं। - अजय कुमार, एसपी।