अमांपुर। कस्बा के गली-मोहल्लों में जगह-जगह सीमेंट व लोहे के अतिरिक्त पोल लगाए जा रहे है। पोल व्यवस्थित ढंग से न लगाने के कारण लोगों के साथ राहगीरों के लिए परेशानी बन रहे है। लोगों ने इनसे किसी भी समय हादसा होने की आशंका जताते हुए जिलाधिकारी से मामले की शिकायत की है।कस्बा के शास्त्री नगर, गांधीनगर, इंद्रानगर, सुभाष नगर, जवाहर नगर, किदवई नगर सहित आदि वार्डों में झूलती विद्युत केबल को दुरुस्त करने के लिए विद्युत पोलो की संख्या बढ़ाई जा रही है। हालांकि पोल सही ढंग से नहीं लगाए जा रहे हैं। उनके आसपास गिट्टी और सीमेंट का बेस भी नहीं बनाया जा रहा है। लोगों को समस्याएं हो रही हैं। संकरी गलियों में लगाए गए पोल काफी रास्तों को घेर रहे है। इससे गलियों में आने-जाने वाले वाहनों को निकलने में परेशानी हो रही है। वहीं हादसा होने की आशंका बनी हुई है। लोगों कहना है कि गलियों में पोल इस तरह लगाए जाएं, जिससे वाहन आसानी से निकल सके। जेई सुबोध चौहान ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के साथ झूलती केबल की समस्या कम करने के लिए पोल लगाए जा रहे है। संकरी गलियों में पोल लगाते समय ध्यान रखा जा रहा है। यदि किसी को दिक्कत है तो उनसे मिलकर समस्या को बता सकता है।