खेत पर गए किसान को जहरीले कीड़े ने काटा, मौत
गांव कुशलपुर में हुई घटना, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बेवर। गांव कुशलपुर में सोमवार की दोपहर खेत पर फसल देखने गए एक किसान को जहरीले कीड़े ने काट लिया। जानकारी होने के बाद परिजन वृद्ध को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र गांव कुशलपुर निवासी किसान शिव नारायण (77) सोमवार की दोपहर अपने खेत पर फसल देखने के लिए गए थे। खेत में घूमते समय वृद्ध को किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। वृद्ध जब काफी देर तक घर वापस नहीं लौटे तो परिजन को चिंता हुई। इस बीच ग्रामीणों ने बताया कि खेत पर शिव नारायण को किसी जहरीले कीडे़ ने काट लिया है। उनकी हालत बिगड़ रही है। जिसके बाद आनन फानन परिजन वृद्ध को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर हरी पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। हादसे में किसान की मौत के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।