प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते सांसद रामशंकर कठेरिया
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को करीब 15 मिनट आगरा की सरजमीं पर रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका अभिनंदन किया। संक्षिप्त वार्ता में उन्होंने शहर का हाल जाना। गंगाजल आने की खबर पर उन्होंने खुशी व्यक्त की। इसके बाद वे हेलीकाप्टर में बैठकर भरतपुर के लिए रवाना हो गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जोधपुर में चुनावी सभा का संबोधित करने के बाद आगरा आए थे। यहां से उन्हें भरतपुर जाना था। भरतपुर में एयरपोर्ट न होने की वजह से उनका हवाई जहाज वहां उतर नहीं सकता था इसलिए वे जोधपुर से हवाई जहाज से खेरिया हवाई अड्डे आए और यहां से हेलीकाप्टर से भरतपुर गए।
उनके आगमन पर एससी आयोग के अध्यक्ष सांसद रामशंकर कठेरिया, सांसद चौधरी बाबूलाल, मेयर नवीन जैन और जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश बघेल को उनके अभिनंदन की जिम्मेदारी दी गई। अधिकारियों ने एडीजी अजय आनंद, डीआईजी लव कुमार, कमिश्नर अनिल कुमार, जिलाधिकारी एनजी रवि कुमार, एसएसपी अमित पाठक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मेयर नवीन जैन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान सभी से परिचय के बाद उनका हाल जाना। मेयर से उन्होंने आगरा का हाल पूछा। मेयर ने बताया कि आगरा को हाल ही में गंगाजल मिल गया है। जल्द ही सप्लाई की व्यवस्था भी हो जाएगी। इस पर प्रधानमंत्री ने खुशी व्यक्त की। इसके बाद वे भरतपुर के लिए रवाना हो गए।