अक्षय पात्र फाउंडेशन के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र, मुख्यमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि स्कूलों में मिडडे मील की परंपरा आजादी के पहले से रही है। इसका कारण भारत की स्थिति और परिस्थितियां थी। गुलामी के लंबे काल खंड के कारण साधनों की कमी थी। गरीबी चरम पर थी। लोगों को रोजी-रोटी के लिए भी संघर्ष करना पड़ता था। इसका सबसे नकारात्मक प्रभाव बच्चों पर पड़ा।
मोदी ने कहा कि जिस तरह से मजबूत इमारत के लिए नींव का ठोस होना जरूरी है, उसी तरह शक्तिशाली भारत के लिए स्वस्थ्य बचपन का होना जरूरी है। जिस देश का बचपन कमजोर होगा, उस देश के विकास की गति भी धीमी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 55 महीनों के भीतर बच्चों को एक स्वस्थ्य जीवन देने का काम किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने बचपन के आसपास मजबूत सुरक्षा घेरा बनाने का प्रयास किया है। इस सुरक्षा के तीन पहलू हैं, खानपान, टीकाकरण और स्वच्छता। अब बदली परिस्थितियों में पोषकता के साथ, पर्याप्त और अच्छी गुणवत्ता वाला भोजन बच्चों को मिले, ये सुनिश्चित किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री ने बताया कि हमने टीकाकरण अभियान को मिशन मोड में चलाने का फैसला किया। मिशन इंद्रधनुष से देश में लगभग 3 करोड़ 40 लाख बच्चों और 90 लाख गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया है। टीकों की संख्या में बढ़ोत्तरी भी की गई। पांच नए टीके जोड़े गए हैं। जापानी बुखार का खतरा कम करने को भी टीका बनाया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस बार प्रयागराज कुम्भ के मेले ने देश को स्वच्छता का संदेश देने में सफलता पाई है। आम तौर पर कुम्भ में नागा बाबाओं की चर्चा होती है, पहली बार न्यूयॉर्क टाइम्स ने कुम्भ की स्वच्छता को लेकर रिपोर्ट छापी है।
उन्होंने कहा कि गंदगी बच्चों के लिए घातक सिद्ध होती है। बच्चों को डायरिया से सबसे ज्यादा खतरा होता है। स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से इस खतरे को दूर करने का बीड़ा हमने उठाया। स्वच्छता ऐसी ताकत है, जो गरीब को बिना किसी खर्च के जीवनदान दे रही है।
मंच पर प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री व अन्य
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री मोदी ने लाखों गरीब बच्चों को भोजन उपलब्ध करने के लिए अक्षय पात्र फाउंडेशन को साधुवाद और शुभकामना दी। मोदी ने गीता के श्वलोक का उदाहण देते हुए कहा कि जो दान कर्तव्य समझकर उचित समय और योग्य व्यक्ति को दिया जाता है, उसे सात्विक दान कहते हैं।
बजट को किसानों के लिए हितकारी बताते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान योजना का अगर सबसे बड़ा लाभ किसी राज्य को होने जा रहा है तो वो उत्तर प्रदेश है। क्योंकि यहां छोटे किसानों की संख्या ज्यादा है। सरकार उन्हें सालाना छह हजार रुपये दे रही है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज के कुंभ की व्यवस्थाओं पर बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में ऐसा आयोजन हो रहा है जिसका संदेश विदेशों तक में गया है। विदेशी भी स्वच्छता की तारीफ करते नहीं थक रहे।
कार्यक्रम के मंच पर राज्यपाल राम नाईक, सांसद हेमामालिनी, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, शिक्षा मंत्री अनुपमा जायसवाल, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, महापौर मुकेश आर्यबंधु, विधायक कारिंदा सिंह, अक्षयपात्र फाउंडेशन के चेयरमैन मधु पंडित दास और वाइस चेयरमैन चंचलापतिदास मौजूद रहे।