नोट बंदी की वजह से भले ही लोगों को अभी परेशानी उठानी पड़ रही हो लेकिन आने वाले समय में गरीब और मध्यम वर्ग के अच्छे दिन आएंगे। ताजनगरी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को कुछ ऐसा ही भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि नोट बंदी से न सिर्फ बैकों की ब्याज दरें कम होंगी बल्कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और अपने घर खरीद सकेंगे।
कोठी मीना बाजार मैदान पर प्रधानमंत्री का भाषण पूरी तरह से गरीब और मध्यम वर्ग पर ही केंद्रित रहा। कहा कि मैंने देश को भ्रष्टाचारियों, काला बाजारी करने वालों और काला धन से मुक्त कराने का बीड़ा उठाया है। इसका लाभ देश की गरीब और मध्यम वर्ग को मिलेगा। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का शुभारंभ करते हुए गरीबों के अच्छे दिनों का अहसास कराने से की। कहा कि वर्ष 2022 में देश जब अपनी आजादी 75 साल पूरे होंगे तब प्रत्येक देशवासी के पास अपना घर होगा। कहा कि इस योजना के तहत सभी को उपलब्ध कराए जाएंगे। नोट बंदी पर कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग के अभिभावकों को मदद मिलेगी। स्कूलों में आधी फीस चेक और आधी कैश मांगते थे लेकिन अब यह बीमारी जाने वाली है। घर खरीदना भी आसान होगा। कुछ चैक और कैश की व्यवस्था नहीं चलेगी। ब्लैक मनी नहीं ली जाएगी तो मकान सस्ते होंगे।
मोदी ने कहा कि अब तक बैंकों में जो पांच लाख करोड़ रुपया आया है, बैंकें क्या इन्हें डिब्बे में रखेंगे। इसका वे लोन देंगे। ब्याज दर भी कम करेंगे। नोट बंदी के बाद मुश्किलें झेल रहे लोगों को प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि आपका तप बेकार नहीं जाएगा। वहीं, किसानों को सुनहरे भविष्य का भी आश्वासन दिया। कहा कि यूरिया को नीम कोटिड कर इसकी काला बाजारी रोक दी है। पहले ये केमिकल फैक्ट्रियों में पहुंच जाया करता था। किसानों को यूरिया नहीं मिल पाती थी लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
इनसेट
ब्रज में मोदी की तीसरी रैली
ब्रज में नरेंद्र मोदी की यह तीसरी रैली थी। पहली प्रधानमंत्री बनने से पहले 21 नवंबर 2013 को कोठी मैदान पर। दूसरी, केंद्र में सरकार बनने की पहली वर्षगांठ पर दीनदयाल धाम, फरह में और तीसरी रविवार को फिर से कोठी मीना बाजार मैदान पर। पहली दो रैलियों में प्रधानमंत्री ने ‘अच्छे दिनों’ का खूब जिक्र किया था। मगर, तीसरी रैली में इसका जिक्र तो नहीं किया लेकिन ‘अच्छे दिनों’ का अहसास जरूर कराया।
चंडीगढ़ में चल रहा था केरोसिन का ‘खेल’
प्रधानमंत्री ने कहा कि चंडीगढ़ के अधिकांश घरों में गैस कनेक्शन हैं। इसके बावजूद उनकी सरकार बनने से पहले चंडीगढ़ के लिए 30 लाख लीटर केरोसिन को कोटा था। पीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने इस खत्म कराया। इसे डीजल में मिलाकर इसकी कालाबाजारी की जा रही थी।