कोठी मीना बाजार मैदान पर नौ जनवरी को हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए हुए खर्च का 10 महीने बाद भी भुगतान नहीं हुआ है। इतने महीनों बाद भी 1.23 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान न होने पर लोक निर्माण विभाग ने अपर जिलाधिकारी नगर/प्रभारी अधिकारी नजारत को पत्र लिखा है। अब एक-दो दिन में भुगतान होने की उम्मीद जताई जा रही है।
लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने ब्रज में आगरा से चुनावी कार्यक्रमों का शंखनाद किया था। रैली को संबोधित करने से पहले पीएम मोदी ने 12 सरकारी योजनाओं का लोकार्पण और सात योजनाओं का शिलान्यास किया था। योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास की वजह से यह कार्यक्रम सरकारी हो गया था।
इसलिए कार्यक्रम पर पीडब्ल्यूडी ने 1.23 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किया। धन का आवंटन राज्य मिशन निदेशालय (अमृत), नगर निकाय, प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र व स्थानीय निकाय निदेशालय द्वारा किया गया।
तीन अक्टूबर को डीएम ने इसके भुगतान की स्वीकृति भी दे दी। लेकिन अब तक ये भुगतान नहीं हुआ है। बीते सोमवार को पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड दो के अधिशासी अभियंता ने भुगतान के लिए एडीएम सिटी को पत्र लिखा है।
इन पर किया गया खर्च
फुल स्क्रीन एलईडी, बैरिकैडिंग, मंच, स्विस कॉटेज, साउंड सिस्टम, वाटरप्रूफ जर्मन हैंगर, वीवीआईपी एवं जनसामान्य के बैठने के लिए सोफे-कुर्सी आदि।
इन योजनाओं का किया था लोकार्पण-शिलान्यास
अमृत योजन के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण, आगरा जल संपूर्ति (गंगाजल परियोजना), महिला चिकित्सालय में सौ शैया मैटरनिटी विंग, नगर क्षेत्र में सीवर गृह संयोजन योजना आदि।
एक-दो दिन में भुगतान हो जाएगा
पीएम मोदी के कार्यक्रम के भुगतान के लिए प्रशासन को पत्र लिखा है। एक-दो दिन में हो जाएगा। - जेपी सिंह, अधिशासी अभियंता, निर्माण-2, पीडब्ल्यूडी