प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी के फैसले पर कहा है कि इससे कालेधन वालों की जिंदगी तबाह हो जाएगी और गरीब तथा मध्यम वर्ग का भविष्य संवरेगा। उन्होंने कहा कि ईमानदार लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, 50 दिन के बाद देश सोने की तरह तपकर बाहर आएगा। उन्होंने अपील की कि गरीब जनधन खातों में अमीरों का कालाधन जमा न कराए, वरना बाद में उन्हें मुश्किल होगी।
प्रधानमंत्री कोठी मीना बाजार के विशाल मैदान पर रविवार को आयोजित भाजपा की परिवर्तन महारैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 37 मिनट के भाषण में यह साबित करने का प्रयास किया कि नोटबंदी का फैसला भ्रष्टाचार, कालाबजारी, आतंकवाद, नक्सलवाद, जाली करेंसी, ड्रग्स तस्करी और कालाधन रखने वालों की कमर तोड़ देगा। काली कमाई वाले ही इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। कहा कि गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, नौजवान और व्यापारियों के अच्छे दिन आएंगे। बैंक आसानी से और कम ब्याज पर लोन देंगे। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए नोटबंदी का विरोध करने पर पश्चिमी बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बसपा अध्यक्ष मायावती को आड़े हाथों लिया।
उन्होंने जनता की परेशानियां देखते हुए जल्द ही कुछ रियायत देने के संकेत भी दिए। कहा कि हम लकीर के फकीर नहीं है, लचीला रुख अपनाए हुए हैं। हर तीसरे दिन स्थिति का आंकलन किया जा रहा है।
रैली से पूर्व उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का शुभारंभ किया। इसमें 2022 तक गरीबों के लिए तीन करोड़ आवास बनाने का लक्ष्य है। साथ ही मथुरा-पलवल केबीच चौथी रेल लाइन बिछाए जाने के साथ रेलवे की 1100 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। रैली में केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव, नरेंद्र तोमर, महेश शर्मा, साध्वी निरंजना ज्योति, राज्यवर्धन सिंह राठौर ने भी शिरकत की।
इन्सेट - 1
कानपुर रेल हादसे की जांच के आदेश
रैली में रेलमंत्री सुरेश प्रभु को भी आना था लेकिन कानपुर रेल हादसे के चलते नहीं आ पाए। पीएम ने हादसे के चलते रैली में अपना स्वागत नहीं कराया। उन्होंने कहा कि हादसे की जांच कराई जाएगी। दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी। मृतक आश्रितों और घायलों को आर्थिक मदद दी जाएगी।
इनसेट - 2
रैली में आए अधेड़ की हार्टअटैक से मौत
रैली में आए नगलापदी के विजय सिंह ( 50) की मौत हो गई। माना जा रहा है कि उसे दिल का दौरा पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भीड़ में उसकी हालत बिगड़ जाने पर वह रैली स्थल के पास अंबेडकर बगीची में आ गया था। उसने पानी मांगा। उसके सीने में दर्द हो रहा था। पानी पीने के कुछ देर बाद उसकी मृत्यु हो गई।