प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रविवार को कोठी मीना बाजार के मैदान में होने जा रही रैली ब्रज का सियासी तापमान बढ़ा देगी। नोटबंदी के चलते चुनावी अभियान लगभग बंद सा पड़ा है। भाजपा यहीं से मिशन 2017 की रफ्तार करना चाहेगी जबकि कांग्रेस, सपा और बसपा की भी रैली पर नजर है। आगरा से बात निकलती है, तो दूर तक जाती है।
नोटबंदी के फैसले से पहले चुनावी पारा काफी ऊपर जा रहा था। लेकिन 1000-500 के नोट क्या बंद हुए, चुनावी रथों के पहिए थम गए। उम्मीदवार भी घर बैठ गए हैं। कई तो उस परेशानी में हैं कि चुनाव कैसे लड़ पाएंगें क्योंकि चंदा मिलना आसान नहीं रहा।
ऐसे में माना जा रहा है कि मोदी की रैली सियासी हलचल पैदा करेगी क्योंकि नोटबंदी का फैसला उन्हीं का है। सपा, बसपा और कांग्रेस इस इंतजार में हैं कि वे क्या बोलते हैं? ब्रज का मुकाबला इसलिए भी दिलचस्प होता है क्योंकि यहां सभी दलों के लिए पूरी गुंजाइश है। फीरोजाबाद और एटा में सपा के सांसद हैं। बाकी सभी जगह भाजपा के हैं। आगरा को बसपा का गढ़ कहा जाता है। पिछली बार नौ में से छह विधायक जीते थे। आगरा शहर के तीन सीटों में से दो भाजपा के पास हैं।
मोदी से फिर करिश्मे की उम्मीद लगाए हैं भाजपाई
आगरा।पीएम की रैली के लिए भाजपा का आईटी सेल भी पूरी फार्म में है। माना जा रहा है कि सोशल मीडिया पर यूपी चुनाव को लेकर अब तक सुस्त पडे़ माहौल में यह रैली जान फूंकेगी।
फेसबुक और ट्विटर पर अभी तक यूपी चुनाव का रंग बहुत चटख नहीं हुआ है। कोई भी रैली या शो हैशटैग टॉप ट्रेंडिंग में नहीं पहुंचा है। आईआईएम अहमदाबाद के शोध छात्र धीरज सिंह के अनुसार यूपी चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर छाई सुस्ती का एक कारण लोगों के सामने विकल्प का ना होना है।
यूपी में भाजपा ने मुख्यमंत्री पद के लिए कोई प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। वहीं सपा को छोड़कर बसपा और कांग्रेस में युवा उम्मीदवार नहीं है। फेसबुक और ट्विटर पर यूजर्स की बेरुखी का यह प्रमुख कारण है। बतौर धीरज यूपी चुनाव को लेकर सोशल मीडिया के यूजर्स अब तक कन्फ्यूज हैं। मोदी की रैली से इसलिए उम्मीद है क्योंकि 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने कोठी मीना बाजार में ही रैली की थी। भाजपा आईटी सेल ब्रज क्षेत्र के पूर्व संयोजक मयंक लवानियां के अनुसार नरेंद्र मोदी की वह रैली देश में ट्विटर पर टॉप पर रही थी। बीजेपी आईटी सेल की ओर से बनाए गए हैशटैग नमोइनआगरा ने उस दिन ट्रेंडिंग में तीसरी रैंक पाई थी।
इसके अलावा बीजेपी के खुद के आनलाइन चैनल पर इसे छह लाख लोगों ने विजिट किया था। बतौर मयंक यूपी में भाजपा की वह पहली रैली थी जिसे सोशल मीडिया पर इतना प्रचार मिला। बीजेपी आईटी सेल ब्रज क्षेत्र के संयोजक गौरव वार्ष्णेय के अनुसार भाजपा आईटी सेल रैली के प्रचार के लिए दूरदर्शन के प्रसारण की मदद लेगी। फेसबुक और ट्विटर पर प्रचार के लिए इस बार नमोआगरा हैशटैग रहेगा।