मोहल्ला समाधान शिविर में लोगों की शिकायतें लेते निगमकर्मी
आगरा। नगर निगम के आठ वार्डों में शुक्रवार को आयोजित मोहल्ला समाधान शिविरों में फरियादी तो आए लेकिन सिर्फ शिकायतें ही दर्ज की गईं। एक भी शिकायत का माैके पर समाधान नहीं हो सका। निगम के आठ वार्डों में कुल 312 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें सबसे ज्यादा 107 शिकायतें गोबर चौकी वार्ड में आईं। अधिकारियों ने शिकायतों को संबंधित विभागों के पास भेज दिया। समाधान शिविर लगाने का उद्देश्य था कि लोगों को नगर निगम के चक्कर न काटने पड़ें और उन्हें तत्काल समाधान मिल जाए।
शुक्रवार को नगर निगम की ओर से सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक आठ वार्डों में मोहल्ला समाधान शिविर लगाए गए। इनमें सबसे ज्यादा जलभराव, सीवर चोक, नालियों की सफाई, टूटी सड़कें, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, कूड़ा उठान, सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण संबंधी शिकायतें आईं। अधिकारियों ने शिकायतों का परीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए, जबकि निर्माण एवं तकनीकी कार्यों से जुड़ी शिकायतों को संबंधित शाखाओं को भेज दिया गया।
ताजगंज जोन के दो वार्डों में शिविर लगे थे, जिनमें 140 शिकायतें आईं। सबसे ज्यादा वार्ड-97 गोबर चौकी में 107 शिकायतें आईं। वार्ड-2 नंदपुरा में 33 शिकायतें पहुंची। लोहामंडी में 112 शिकायतें मिलीं, जिनमें वार्ड-73 अलबतिया से 82 और वार्ड-03 जगदीशपुरा से 30 फरियादियों ने समस्याएं दर्ज कराईं। हरीपर्वत जोन में कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें वार्ड-28 जागेश्वर नगर से 13 और वार्ड-93 वजीरपुरा से 22 शिकायतें आईं। छत्ता जोन में कुल 25 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें वार्ड-01 काजीपाड़ा से 21 तथा वार्ड-58 नरायच पश्चिम से चार शिकायतें ही दर्ज हुईं।
-
जल्द होगा समाधान
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि पूर्व सूचना होने से इस बार ज्यादा फरियादी आए। सभी से शिकायतें ली गई हैं। जल्द ही समाधान कराया जाएगा। लोगों के घर के पास ही समाधान शिविर लगा रहे हैं ताकि उन्हें शिकायतों के लिए नगर निगम के चक्कर न काटने पड़ें।