आगरा। वाटरवर्क्स चौराहा पर जाम की समस्या के निदान के लिए एसपी ट्रैफिक अरुण चंद्र ने बृहस्पतिवार दोपहर को नेशनल चैंबर के प्रतिनिधिमंडल के साथ निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सर्विस लेन के पास बस स्टॉप शेल्टर बनाने के लिए जगह देखी।
चैंबर अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर के सामने, भगवान टॉकीज से अबु लाला की दरगाह के निकट एवं वाटरवर्क्स चौराहा पर रोडवेज बस चालक कहीं भी बसें रोककर सवारियां भरते हैं। इसके कारण ही जाम लगता है। वाटरवर्क्स चौराहे से 100 मीटर आगे यमुना की ओर सर्विस रोड पर ही काफी जगह है, जहां बस स्टॉप शेल्टर का निर्माण कराया जा सकता है। चैंबर के यातायात प्रकोष्ठ चेयरमैन सीताराम अग्रवाल ने बताया कि अबुलाला दरगाह के पास ऐसा ही एक और शेल्टर बनवाने से जाम का निदान हो सकता है। एसपी ट्रैफिक अरुण चंद्र ने बताया कि दोनों प्रस्तावित स्थलों पर स्टॉपेज बनवाने के लिए वह अपर नगर आयुक्त से वार्ता करेंगे। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक से भी बात की जाएगी। इस मौके पर सचिन सारस्वत, मयंक मित्तल भी उपस्थित रहे।