प्रशांत भूषण के खिलाफ पिनाहट थाने में दी तहरीर
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण के भगवान श्रीकृष्ण पर अभद्र टिप्पणी करने को लेकर पिनाहट के बजरंग दल कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। उन्होंने मंगलवार को पिनाहट थाने पहुंचकर प्रशांत भूषण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर दी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक वरिष्ठ अधिवक्ता को इस तरह का बयान देना शोभा नहीं देता। देश भर के लोगों ने उनके बयान को निंदनीय बताया है।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने थाने में तहरीर देने से पहले प्रशांत भूषण के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार को दी तहरीर में कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ता के बयान से हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है। इससे लोगों में आक्रोश है। बजरंग दल नेता सतेंद्र परिहार के नेतृत्व में थानाध्यक्ष को तहरीर देकर और मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। इस मौके पर सुनील सिंह, चंद्रशेखर सिंह, गौरव परिहार, हिमांशु शर्मा, पवन सिंह, गुड्डन, विष्णु आदि उपस्थित रहे।