मैनपुरी। घिरोर क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप से जांच के लिए भेजा गया डीजल का नमूना सही पाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद पूर्ति विभाग और पेट्रोल पंप संचालक ने राहत की सांस ली है। हालांकि स्टॉक को लेकर पूर्ति विभाग द्वारा पेट्रोल पंप संचालक से नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
बीते वर्ष 17 दिसंबर को शिकायत पर प्रशासन और पूर्ति विभाग की टीम घिरोर क्षेत्र के गांव गोधना स्थित नवनीत फिलिंग स्टेशन पर पहुंची थी। यहां शिकायत पर उप जिलाधिकारी घिरोर अनिल कुमार कटिया और जिला पूर्ति अधिकारी यूआर खान ने जांच की थी। डीजल में मिलावट की शिकायत पर जिला पूर्ति अधिकारी ने डीजल का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा था। साथ ही पेट्रोल पंप की जिस मशीन से मिलावटी डीजल मिलने की बात कही गई थी उसे सील कर दिया गया था। सोमवार को डीजल की रिपोर्ट आई तो नमूना पास हो गया।
ये था मामला
गांव धीप चापरी निवासी उपदेश यादव ने 16 दिसंबर 2020 को नवनीत फिलिंग स्टेशन गोधना से अपने दो वाहनों में डीजल भरवाया था। उन्होंने उप जिलाधिकारी घिरोर से शिकायत की थी कि डीजल में मिलावट के कारण उनका एक वाहन खराब हो गया। इसके बाद ही पूर्ति विभाग ने कार्रवाई की थी।
वर्जन
गोधना स्थित पेट्रोल पंप से लिया गया डीजल का नमूना जांच में पास हुआ है। इससे साफ हो गया है कि डीजल में किसी प्रकार की मिलावट नहीं की गई थी। स्टॉक के संबंध में पेट्रोल पंप संचालक से जवाब मांगा गया था।
यूआर खान, जिला पूर्ति अधिकारी।