फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लापरवाही: दो महीने पहले बनी पुलिया में भरा नाले का पानी, 50 हजार लोग परेशान

Sat, 28 Nov 2020 01:14 PM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
सड़क पर भरा पानी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

आगरा में सदर तहसील से शाहगंज चौराहे के बीच बनी रेलवे पुल के नीचे शुक्रवार को नाले का गंदा पानी भर गया। रेलवे द्वारा नाले से नीचे बनाई गई सड़क से पानी की निकासी का कोई इंतजाम नहीं किया गया, जिस वजह से नाले का पानी पुल के नीचे कटोरी की तरह से भर गया है। इससे शाहगंज-तहसील रोड से निकलने वाले 50 हजार से ज्यादा लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। नगर निगम के कर्मचारियों ने शुक्रवार दोपहर में नाले की सफाई कर पानी निकालने का प्रयास किया, लेकिन लेवल एक होने के कारण नाले का पानी निकल नहीं पाया। 

विज्ञापन


नगला मोहन, राधा वल्लभ स्कूल रोड पर भी मुश्किल
रेलवे इंजीनियरों की कारगुजारी का खामियाजा नगला मोहन के पांच हजार लोगों और पंचकुइयां-राधा वल्लभ इंटर कॉलेज के पास रेलवे पुल के नीचे से निकलने वालों को भी उठाना पड़ रहा है। पुल मरम्मत के दौरान रेलवे ठेकेदार ने नगला मोहन के ड्रेनेज को बंद कर दिया। इससे नगला मोहन की गलियों में नाले का गंदा पानी और सिल्ट भरी हुई है। दिवाली पर हुई बारिश में पुल के नीचे पानी भर गया जो दिनभर तक बना रहा। यहां से निकलने वाले लोगों के लिए मानसून में परेशानी बनी रहेगी। 


पहले पानी निकासी का इंतजाम करना चाहिए था
नगला मोहन की पार्षद अनीता खरे ने बताया कि रेलवे के अधिकारियों ने गलत तरीके से पुलों के नीचे गहराई की है। बारिश और नाले का पानी कैसे निकलेगा, उनके पास कोई योजना नहीं है। हम लोगों ने आपत्ति की थी, लेकिन सुनवाई नहीं की। रेलवे को पानी निकासी का इंतजाम पहले करना चाहिए था। 

विज्ञापन

पैदल निकलना भी मुश्किल
नगला मोहन निवासी विवेक सक्सेना ने कहा कि गली के बाहर पुल के नीचे पानी भर जाने से मुसीबत हो गई। पैदल निकलना मुश्किल है, जबकि शाहगंज से ही पूरी खरीदारी होती है। सब्जी हो या आटा, सभी कुछ लेने जाते हैं, पर पानी भरे होने से कैसे निकलें। रेलवे इंजीनियरों ने जिंदगी भर के लिए हमारी परेशानी बढ़ा दी। 

समस्या दूर नहीं हुई तो प्रदर्शन
शाहगंज निवासी गुंजन शर्मा ने कहा कि पुल के नीचे से दिन में 10 बार निकलना होता है। नाले के गंदे पानी से भला कैसे बार बार निकलेंगे। यहां पानी निकालने के उपाय नहीं किए गए, जबकि हमारे मोहल्ले के लोगों ने इंतजाम करने के लिए कहा था। हमारी परेशानी दूर करें अन्यथा हम लोग सड़क जाम करके धरना देंगे। 

सड़क नीचे है नाला ऊपर
अपर नगर आयुक्त केबी सिंह ने कहा कि रेलवे ने पुल के नीचे सड़क को गहरा किया है। इसलिए यहां पानी भरा है। हमारी टीम ने सफाई की है, लेकिन नाले का पानी कैसे जाए। सड़क नीचे है और नाला ऊपर। पंप लगाकर पानी निकलवाएंगे। 
विज्ञापन

तीनों पुलों के नीचे पानी निकासी के उपाय नहीं
रेलवे ने शाहगंज-तहसील रोड, पंचकुइयां-राधावल्लभ स्कूल और पंचकुइयां-कोठी मीना बाजार के बीच पुलों के नीचे ढाई से तीन फुट गहराई की है। इससे यह सड़कें कटोरी की तरह से बन गई हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाएगा। तहसील रोड पर नाले का लेवल सड़क से तीन फुट नीचे था, लेकिन खुदाई के बाद जब रेलवे ने गहराई की तो नाला ऊपर और सड़क नीचे हो गई। ऐसे में नाले में पानी बढ़ने पर यह आगे जाने की जगह पुल के नीचे भर रहा है। तीनों ही जगह यह समस्या आनी है, क्योंकि रेलवे ने बारिश और नाले का पानी निकालने के लिए कोई इंतजाम ही नहीं किया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें