कासगंज। हकीम अजमल खान फाउंडेशन के तत्वावधान में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। दस जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। नौ जोड़ों का निकाह कराया गया जबकि एक युगल की हिंदू परंपरा से अनुसार शादी की गई। इस दौरान मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन मोहम्मद अशफाक सैफी ने कहा है कि अल्पसंख्यक समाज के लोगों को बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए । आज के प्रतिस्पर्धा के युग में बिना शिक्षा के कोई मुकाम पाना असंभव है। उन्होंने कहा एक हाथ में कुरान हो तो एक हाथ में लैपटॉप हो तभी प्रतिस्पर्धा में हम आगे खड़े हो सकते हैं। उन्होंने निकाह में शामिल जोड़ों को अल्पसंख्यक विभाग की ओर से 35000 रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश नियंत्रण बोर्ड महिला एवं बाल विकास विभाग के चेयरमैन कमर आलम ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जरूरी हैं। भारतीय जनता पार्टी के ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने भी सामूहिक विवाह समारोह के आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम के अध्यक्ष पूर्व मंत्री मानपाल सिंह ने वर वधु को आशीर्वाद दिया। विशिष्ट अतिथि समाजवादी पार्टी के एटा जिला अध्यक्ष परवेज जुबेरी, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विक्रम यादव, पूर्व चेयरमैन चौधरी कौशर हमीद थे ।
सामूहिक विवाह समारोह में 10 जोड़े परिणय बंधन में बंधे। 9 जोड़ों का निकाह कराया गया जबकि एक जोड़े की हिंदू रीति रिवाज से शादी संपन्न हुई। फाउंडेशन की ओर से सभी जोड़ों को उपहार स्वरूप सोने-चांदी के आभूषण घरेलू जरूरत का सामान प्रदान किया। कार्यक्रम के संयोजक डॉक्टर लाइक अली एवं चौधरी नुरुल हसन ने आभार व्यक्त किया।