सिकंदरा वाटर वर्क्स से पानी की सप्लाई शुरू होने के बाद भी जलकल विभाग पानी उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। पानी न मिलने पर लोगों का आक्रोश भड़क रहा है। गुरुवार को खटीकपाड़ा के लोगों ने सूर्य नगर जोनल कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। पथराव की कोशिश की। कर्मचारियों ने कार्यालय के गेट पर ताला जड़ दिया। इसे भी तोड़ने की कोशिश की गई। लोगों ने लगभग एक घंटे तक उन्हें बाहर नहीं आने दिया। केदार नगर स्थित पानी की टंकी के पास भी लोगों ने हंगामा किया। यहां भी कर्मचारियों को बंधक बना लिया।
पिछले कई दिनों से पानी की समस्या से जूझ रहे खटीकपाड़ा की महिलाओं का धैर्य जवाब दे दिया। सूर्य नगर स्थित जोनल कार्यालय घेर लिया। महिलाओं ने हाथों में पत्थर उठा लिए। यह देख कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने गेट पर ताला लगा दिया। इससे कुछ कर्मचारी कार्यालय के अंदर ही बंद रह गए। महिलाओं ने कार्यालय के गेट पर कब्जा कर लिया और चैनल तोड़ने का प्रयास किया। कर्मचारी ऑफिस छोड़कर दाएं-बाएं हो गए। किसी अधिकारी के मौके पर न पहुंचने पर महिलाएं लौट गईं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नवाब साहब का बाड़ा, नानक पाड़ा, खटीकपाड़ा, नाला बुढ़ान सैयद आदि क्षेत्रों में पिछले तीन महीने से पानी की समस्या बनी हुई है। इस दौरान कांग्रेस नेता मो. अनवर सिद्दकी, अजय वाल्मीकि, राजकुमार, पूनम वरुण, माधो सिंह यादव आदि मौजूद थे।
इधर, सिकंदरा वाटर वर्क्स के क्षतिग्रस्त पाइप बदलने के तीन दिन बाद भी केदार नगर में पानी नहीं पहुंचा है। इस पर क्षेत्रीय लोगों का गुस्सा भड़क गया। दर्जनों की संख्या में केदार नगर में ही स्थित पानी की टंकी पर पहुंच गए। जमकर हंगामा किया। ऑपरेटर को बंधक बना लिया। सूचना के बाद जलकल अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गई। लगभग दो घंटे तक पानी की टंकी पर क्षेत्रीय लोगाें का कब्जा रहा। जलकल अधिकारियों के निर्देश पर पानी के टैंकर भेजे गए, तब कहीं जाकर लोग शांत हुए। शाहगंज और लोहामंडी पानी की टंकी सप्लाई रोककर केदार नगर की टंकी भरी गई। इसके बाद गुरुवार शाम को क्षेत्रीय लोगों को पानी उपलब्ध हो सका।
मलको गली में पानी के लिए चले पत्थर
ताजगंज के गोबर चौकी क्षेत्र के मोहल्ला मलको गली में गुरुवार सुबह सबमर्सिबल पंप से पानी भरने के दौरान एक ही समुदाय के दो पक्षों में विवाद हो गया। पहले बच्चों में कहासुनी हुई। इसके बाद महिलाओं में। और फिर दोनों ओर से पत्थर चलने लगे। सूचना पर पुलिस पहुंची तो दोनों पक्ष भाग गए। पुलिस चेतावनी देकर लौट आई। किसी ने तहरीर भी नहीं दी है।
शहर के कई इलाकों में इन दिनों पेयजल संकट चल रहा है। आंधी के चलते पोल टूट गए हैं। पावर सप्लाई भी बाधित है। जैसे ही बिजली आती है, लोग पानी भरने के लिए दौड़ते हैं। मलको गली में सबमर्सिबल पर भी कई लोग पानी भर रहे थे। इसी दौरान आमने-सामने रहने वाले दो परिवारों के बच्चों में कहासुनी हो गई। दोनों एक -दूसरे से पहले पानी भरना चाहते थे। इसी में विवाद हुआ तो महिलाएं निकल आईं।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद दोनों पक्षों के युवक आए और पथराव हो गया। किसी ने थाना पुलिस को फोन किया। तब चीता मोबाइल भेजी गई। तब तक लोग भाग चुके थे। मौके पर कुछ पत्थर पड़े थे। महिलाओं ने बताया कि युवकों में झगड़ा हो गया था। एसपी सिटी सुशील घुले का कहना है कि युवकों के बीच विवाद था। इसी में झगड़ा हो गया था।
सिकंदरा वाटर वर्क्स से
आपूर्ति नहीं हो पा रही सुचारु
सिकंदरा वाटर वर्क्स की रॉ वाटर पाइप लाइन ठीक होने के बाद इससे जुड़े क्षेत्रों में जलापूर्ति सुचारु नहीं हो पा रही। पाइप फिर से फटने के डर से वाटर वर्क्स से पानी में प्रेशर नहीं दिया जा रहा। इस स्थिति में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में संकट बना हुआ है। इस पर अवर अभियंता राजेंद्र आर्य ने जलकल महाप्रबंधक को पत्र लिखकर स्थिति को स्पष्ट कर दिया है। साथ ही उनसे समस्या समाधान की मांग की है।