सोरोंजी। तीर्थंनगरी में आषाढ़ मास के प्रथम मंगलवार को हरि की पौड़ी किनारे लड्डू वाले बालाजी महाराज की महाआरती में भाग लेने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मंगलवार को हरि की पौड़ी किनारे लड्डू वाले बालाजी मंदिर को सुबह गेंदा गुलाब के सुगंधित पुष्पों से सजाया। हनुमानजी का भव्य शृंगार किया गया। सेवायत प्रिंस ने महाआरती उतारी।
मंदिर परिसर में आयोजित यज्ञ में महंत शिवकुमार ने वैदिक मंत्र उच्चारित कर आहुतियां डलवाईं, बालाजी को मेवा मिष्ठान का भोग लगाया गया। महिलाओं ने भजन गाए। रात्रि में बालाजी के जगराते में हनुमत डटे रहो आसन पर जब तक कथा राम की होए, को नहीं जानत है जग में प्रभु संकट मोचन नाम तिहारो, तुम भक्तों के कष्ट निवारो आदि भजन गाए। श्रद्धालुओं द्वारा हनुमान जी की स्तुति की गई। इस अवसर पर बालकिशन दुबे, संजय बड़गैयां, शोभित गौड़, इंद्रेश पटियात, अवधेश चौधरी, नितिन राठौर, अलोक कोठेवार, योगेश सोनी आदि मौजूद रहे।