पर्याप्त बिजली न मिलने से मूंग और चरी की फसल की सिंचाई भी समय पर नहीं हो पा रही, जिससे फसलें सूखने लगी हैं। वहीं, लड़ामदा गांव के पूर्व प्रधान कृपाल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लगातार कटौती हो रही है। दिन और रात में करीब हर 15 मिनट बाद बिजली कटने से घरेलू कार्यों के साथ किसानों की परेशानी भी बढ़ गई है।
आगरा में भीषण गर्मी में क्षेत्र के कई गांवों में हो रही बिजली कटौती से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आपूर्ति बाधित होने से फसलें प्रभावित हो रही हैं, वहीं रात के समय कटौती से लोगों की नींद पूरी नहीं हो रही है। तकनीकी खामी की वजह से आपूर्ति बाधित होने के बाद उसे ठीक करने में ज्यादा समय लगने की वजह से भी मुश्किलें हो रही हैं।
विज्ञापन
बिचपुरी के गांव अंगूठी के पूर्व प्रधान कृष्णवीर सिंह सोलंकी ने बताया कि पिछले आठ दिनों से क्षेत्र में रोजाना 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। पर्याप्त बिजली न मिलने से मूंग और चरी की फसल की सिंचाई भी समय पर नहीं हो पा रही, जिससे फसलें सूखने लगी हैं। वहीं, लड़ामदा गांव के पूर्व प्रधान कृपाल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लगातार कटौती हो रही है। दिन और रात में करीब हर 15 मिनट बाद बिजली कटने से घरेलू कार्यों के साथ किसानों की परेशानी भी बढ़ गई है। अवर अभियंता बिचपुरी दीपक कुमार ने बताया कि रोस्टर मुताबिक आपूर्ति का प्रयास किया जा रहा है।
एत्मादपुर में भी 24 घंटे में मुश्किल से 16 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है। अघोषित बिजली कटौती से हर कोई परेशान है। लोगों का कहना है कि करीब 15 दिनों से कस्बे में 24 घंटे में 16 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। कस्बे के केशव दत्त निमेष, गब्बर खां, सत्यवीर सिंह त्यागी, ओसीद कुमार, नितिन सिंह आदि ने बताया कि इस अघोषित कटौती से आमजन से लेकर व्यापारी तक सभी त्रस्त हैं।
नया विद्युत उपकेंद्र भी नहीं दे सका राहत
विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को खंदौली में 815 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 10 एमवीए क्षमता वाले टाउन विद्युत उपकेंद्र का उद्घाटन केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल और भाजपा विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने किया था। उपकेंद्र के संचालन से कस्बा सहित चार गांवों को बेहतर विद्युत आपूर्ति मिलने का दावा किया गया था। हालांकि, उपकेंद्र चालू होने के बाद भी खंदौली की विद्युत व्यवस्था में कोई खास सुधार नजर नहीं आया। शनिवार को हालात और बिगड़ गए, जब पूरे दिन बिजली आपूर्ति चरमराई रही और बार-बार ट्रिपिंग होती रही। कस्बा निवासी रिंकू जिंदल, राजेश गुप्ता, विजय अग्रवाल और प्रवीन चौधरी ने बताया कि नए उपकेंद्र के चालू होने के बाद भी कस्बे में कोई राहत नहीं मिली।
कम वोल्टेज और कटौती से रोष, सौंपा ज्ञापन
क्षेत्र में कम वोल्टेज और बार-बार हो रही बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान हैं। मामले में प्रधान चौधरी हिम्मत सिंह और ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। लोगों ने बताया कि गांव में लंबे समय से कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जिसके कारण पंखे, कूलर, मोटर, फ्रिज सहित अन्य विद्युत उपकरण सही तरीके से काम नहीं कर रहे हैं। उपखंड अधिकारी शीलवंत सिंह ने बताया कि कम वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या का जल्द निस्तारण कराया जाएगा। इस दौरान विष्णु गुप्ता, राहुल पचौरी, हरिओम चौधरी, देवेंद्र गुप्ता, दंगल सिंह आदि लोग मौजूद रहे।