फिरोजाबाद के जसराना क्षेत्र में सोमवार रात फायरिंग को लेकर बवाल हो गया। जसराना के नगर पंचायत अध्यक्ष अवनीश गुप्ता के साले को कुछ लोगों ने घेर लिया। इस पर प्राइवेट गनर ने फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद आक्रोशित लोगों ने एटा-जसराना जाम कर दिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष तहरीर देने थाना जसराना पहुंचे तो विपक्षियों ने उनके साथ खींचतान और धक्कामुक्की कर दी। इससे माहौल गरमा गया। एसपी देहात सहित कई थाने का फोर्स पहुंच गया। थाना पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
नगर पंचायत अध्यक्ष अवनीश गुप्ता के साले सोनू गुप्ता और मझउआ निवासी अंकित पुत्र कैलाशचंद्र गुप्ता रात आठ बजे अपनी कार नगर पंचायत परिसर में खड़ी करने के लिए गए थे। गाड़ी खड़ी करके स्कूटी से घर लौटते समय कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया।
गनर ने की फायरिंग
मंडी के पास घेराबंदी किए जाने पर सोनू के साथ मौजूद नगर पंचायत अध्यक्ष के प्राइवेट गनर ने फायरिंग कर दी। फायरिंग की घटना से अफरातफरी मच गई। वहीं मोहल्ला टीकेतपुरा निवासी वंशी ठाकुर और शिवम ठाकुर का आरोप है कि उन्हें निशाना बनाते हुए फायरिंग की गई है।
वंशी ठाकुर पक्ष के आक्रोशित लोगों ने शिकोहाबाद-एटा रोड जाम कर दिया। जाम लगाने की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष अवनीश गुप्ता का पक्ष थाना जसराना तहरीर देने के लिए पहुंच गए।
जब लोगों को पता लगा कि नगर पंचायत अध्यक्ष पक्ष के लोग थाने में हैं तो भीड़ जाम स्थल से थाना जसराना पहुंच गई। यहां दोनों पक्षों में तनातनी हो गई। तनातनी के बीच ही अवनीश गुप्ता के साथ खींचतान कर दी गई। उनके साथ धक्कामुक्की हो गई।
अभद्रता का आरोप
अवनीश गुप्ता का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में उनके साथ अभद्रता की गई, लेकिन पुलिस वालों ने किसी को रोका तक नहीं। एसपी देहात महेंद्र सिंह, सीओ जसराना प्रेम प्रकाश यादव व सीओ शिकोहाबाद संजय रेड्डी व कई थानों का फोर्स पहुंच गया।
सीओ जसराना प्रेम प्रकाश यादव ने कहा कि फायरिंग एवं जाम लगाने के मामले में तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी। थाने में नगर पंचायत अध्यक्ष से हुई धक्कामुक्की पर उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष एक साथ आ जाने के कारण हॉट-टॉक हुई है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध एसपी देहात महेंद्र सिंह ने बताया कि जसराना में फायरिंग,जाम एवं नगर पंचायत अध्यक्ष से धक्कामुक्की और खींचतान के मामले में तहरीर आने पर जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वंशी ठाकुर और नगर पंचायत अध्यक्ष अवनीश गुप्ता के बीच काफी समय से तनातनी और रंजिश चल रही है। दोनों पक्षों के बीच पहले भी टकराव हो चुका है। मारपीट हुई थी। तनातनी के पीछे सियासी कारण भी बताए जा रहे हैं।