शुक्रवार को बिजली की बेहिसाब कटौती से हाहाकार मच गया। शहर से देहात तक आठ घंटे बिजली के बगैर लोगों को रहना पड़ा। लखनऊ की कटौती और 400 केवी पीलीपोखर सबस्टेशन से शटडाउन इस तरह मिले कि 8 घंटे बाद ही करंट दौड़ा। लखनऊ से चार घंटे और पीलीपोखर से 4 घंटे के शटडाउन ने गलन भरी सर्दी में लोगों को बेहाल कर दिया। बिन बिजली बिलबिलाए लोगों ने टोरंट से लेकर पावर कारपोरेशन के अफसरों को खूब कोसा।
नए साल में शुक्रवार का दिन सर्वाधिक बिजली कटौती के नाम रहा। पीने के पानी के लिए भी लोग तरस गए। दरअसल, सुबह 9 से 11 बजे तक लखनऊ से कटौती की गई। शाम को पौने तीन बजे से पांच बजे तक आपूर्ति बंद रही, लेकिन इस बीच पीलीपोखर सबस्टेशन ने 11 से तीन बजे तक का शटडाउन लिया गया। यहां ट्रांसमिशन कारपोरेशन अधिकारियाें ने नए स्पेशल प्रोटेक्शन स्कीम के लिए शटडाउन लिया था। शुक्रवार को 315 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर इससे जुड़ गए। शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक घंटे का शटडाउन लेकर तीसरे ट्रांसफार्मर को भी इससे जोड़ दिया जाएगा। इससे ट्रांसफार्मरों की एक साथ ट्रिपिंग की समस्या खत्म हो जाएगी।
एमडी को सौंप देंगे फैक्ट्रियों की चाबियां
आगरा। बिजली की कटौती से जिले में औद्योगिक उत्पादन ठप हो गया है। दरअसल, सुबह 9 से 11 बजे की कटौती से कारीगर फैक्ट्रियों में आते ही बिन बिजली काम नहीं कर पाते। दो घंटे काम शुरू होने पर लंच की छुट्टी। इसके बाद दोपहर दो या तीन बजे से हर दिन दो घंटे की कटौती। इससे फैक्ट्रियों में काम न के बराबर हो रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत फाउंड्री में ढलाई को लेकर है। 600 से ज्यादा इंजीनियरिंग कंपोनेंट, 250 जनरेटर यूनिट, 2500 जूते की मैकेनाइज्ड, सेमी मैकेनाइज्ड यूनिट और 140 फाउंड्री फैक्ट्रियों में उत्पादन 10 दिन से ठप हैं। नेशनल चेंबर अध्यक्ष अतुल गुप्ता के मुताबिक फैक्ट्री मालिक डीवीवीएनएल एमडी को चाबियां सौंप देंगे।
बिजली की कटौती आज और कल यहां
आगरा। शनिवार को मेंटीनेंस के लिए टोरंट द्वारा 33 केवी अजीजपुर सबस्टेशन से 11 केवी फीडर नरीपुरा पर दोपहर 12 से एक बजे तक आपूर्ति बंद रखी जाएगी। रविवार को बिजली की कटौती फिर बड़े क्षेत्र में की जाएगी। पूर्वाह्न 11 से शाम चार बजे तक 33 केवी शाह टाकीज से प्रभावित नेहरू नगर, सिनेमा, चर्च रोड, दीवानी, आरबीएस कालेज, जज कंपाउंड फीडर बंद रहेंगे, जबकि 33 केवी संजय प्लेस में 10.30 से चार बजे तक होटल मरीना, प्रतीक टावर, शहीद स्मारक, यूनिवर्सिटी, एलआईसी, अशोक कास्मास, वरदान होम्स, एमएस खान, सूरसदन, रतन मॉल, सिनेमा, आरबीएस, विनायक मॉल, सूर्य नगर में लाइट नहीं आएगी।