19एमएनपी-10- कलक्ट्रेट पर एसपी कार्यालय पर शिकायत करने आया नौशाद
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। हनुमान जी की पूजा अर्चना करने पर नौशाद और उसकी पत्नी को उनके समाज के लोगों ने पीटा। उसे पूजा अर्चना करने और पुजारी के पैर छूने से रोका गया। पीड़ित ने एएसपी को शिकायती पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
कस्बा निवासी नौशाद ने एएसपी ओमप्रकाश सिंह को शिकायती पत्र दिया कि वह और उसकी पत्नी दो महीने से हनुमान जी की भक्ति कर रहे हैं। वह करहल कस्बे के ही बजरंगबली मोटा मंदिर के पास रहकर मंदिर की साफ सफाई करने के साथ ही हनुमान जी की पूजा अर्चना करते हैं। इसके साथ ही दंपती पुजारी के पैर भी छूते हैं। इसके चलते कुछ मुस्लिम लोग उसके साथ आए दिन मारपीट करते हैं। 17 फरवरी को वह शिकायत करने आया था। इस बात पर भी उसे पीटा गया। युवक ने एसडीएम रतन वर्मा को भी शिकायती पत्र दिया है।
ऐसे हुआ हनुमान की भक्ति में लीन
नौशाद ने बताया कि कई सालों से वह नशे का आदी हो गया था। डॉक्टर से नीमहकीम को दिखाया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। किसी ने मोटा मंदिर जाने की सलाह दी। वह यहां आया तो उसकी नशे की आदत छूट गई। उसके जीवन में परिवर्तन आया, इसलिए उसने पत्नी के साथ हनुमान जी की पूजा अर्चना शुरू कर दी। उसका कहना है कि सबका मालिक एक है, भेदभाव सिर्फ मनुष्य करता है।
युवक को परेशान करने वाले लोगों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई के निर्देश थाना पुलिस को दिए गए हैं।
- ओमप्रकाश सिंह, एएसपी।