विकास खंड सुल्तानगंज के गांव तिसौली के मजरा सूरजपुर तिलियानी में सड़क के किनारे बसे एक घर के तीन लोगों की 15 दिन के अंतराल में मौत हुई है। एक ही परिवार में 15 दिन में तीन मौतों से लोग चिंतित हैं। सूचना मिलने पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और परिजनों के साथ ही अन्य ग्रामीणों की जांच की। फिलहाल मौत के कारणों की स्पष्टी जानकारी नहीं हो पाई है।
मंगलवार को सुबह प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पपेंद्र कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची। पीड़ित परिजनों से मृतकों के संबंध में जानकारी जुटाई। परिजनों ने बताया कि नेहा नरेंद्र सिंह की 17 वर्षीय पुत्री नेहा की हालत सोनीपत हरियाणा में बिगड़ी थी। रामचंद्र 65 साल के वृद्ध थे उनकी मौत सांस लेने में दिक्कत के चलते 15 अगस्त को हुई। वहीं नरेंद सिंह 35 पुत्र रामचंद्र की मौत 17 अगस्त को हुई नरेंद्र पीलिया से पीड़ित थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को गांव में शिविर लगाकर घर-घर लोगों की जानकारी ली।
जो लोग बुखार आदि से पीड़ित थे उनकी जांच के बाद उन्हें मौके पर ही दवा वितरित की। इस अवसर पर डॉ. पपेंद्र कुमार, संदीप सिंह नर्सिंग ऑफिसर, सिद्धार्थ सिंह एमपीडब्ल्यू, रत्नेश कुमारी संगिनी, लक्ष्मी आशा, पुष्पा देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आदि लोग मौजूद रहे।