पानी न मिलने से गुस्साए लोगों ने लोहामंडी स्थित जलकल कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। कार्यालय के ताले तोड़कर वहां कब्जा कर लिया। लगभग दो घंटे तक कार्यालय पर अराजक स्थिति रही। मौके पर पहुंचे जलकल के अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इससे पहले लोगों ने बोदला-जगदीशपुरा रोड पर जाम लगाकर जमकर हंगामा किया।
सरस्वती नगर, गुलाब नगर, बीघा नगर और शांति नगर में पिछले कई दिनों से जलापूर्ति ठप है। भीषण गर्मी में एक-एक बाल्टी पानी के लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है। लोगों का शनिवार को गुस्सा भड़क गया। पूर्वाह्न लगभग 11 बजे कैलाश माहौर के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने बैनारा फैक्ट्री के सामने जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। लगभग एक घंटे बाद पुलिस अधिकारियों के कहने पर जलकल से एक टैंकर पानी भिजवाया गया, तब जाम खोला। मगर, अधिकांश लोग इससे संतुष्ट नहीं थे। उनका कहना था कि जलकल विभाग ने सालों पहले पाइप लाइन डाली थी, लेकिन अब तक पानी नहीं आया। इस पर दर्जनों लोग लोहामंडी स्थित जलकल के जोनल कार्यालय पहुंच गए। भीड़ देखकर कार्यालय पर मौजूद कर्मचारी ताला लगाकर भाग निकले। लोगों ने ताड़ा तोड़कर हंगामा शुरू कर दिया। फर्नीचर तोड़ दिया। दो घंटे तक प्रदर्शन किया। हंगामे की सूचना पर पहुंचे जलकल के अधिकारियों ने पाइप लाइन जल्द जोड़ने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इस दौरान उमाशंकर माहौर, धमेंद्र माहौर, श्याम माहौर, विजय गोस्वामी, धर्मवीर गोस्वामी, महाराज सिंह आदि मौजूद थे।